रतनजोत के बीज खाने से बच्चे बीमार

महाराजपुर के सेमीकोल में रतनजोत के बीज खाने से 7 बच्चे बीमार

एक ही परिवार के 5 मासूम शामिल, जिला अस्पताल में इलाज जारी

  • खेल-खेल में जहरीले बीज निगलने से बिगड़ी बच्चों की तबीयत
  • सेमीकोल गांव में मची अफरा-तफरी, सभी बच्चे अस्पताल में भर्ती

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेमीकोल से एक चिंताजनक खबर सामने आई है। गांव में खेल-खेल में रतनजोत के विषैले बीज खा लेने के कारण 7 बच्चे अचानक गंभीर रूप से बीमार हो गए। बीमार बच्चों में एक ही परिवार के 5 भाई-बहन और पड़ोस के 2 बच्चे शामिल हैं। घटना के तत्काल बाद सभी बच्चों को उपचार के लिए जिला अस्पताल मंडला में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी अनुसार सोमवार की देर शाम सभी बच्चे घर के समीप एकत्र होकर खेल रहे थे। इसी दौरान उन्होंने अनजाने में वहां लगे रतनजोत के पौधों से बीज तोड़कर खा लिए। बीज खाने के कुछ ही समय बाद बच्चों को पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। बच्चों की हालत बिगड़ती देख परिजन बुरी तरह घबरा गए और आनन-फानन में निजी वाहनों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।

गांव में परिजनों के बीच चिंता का माहौल 

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों की टीम ने बच्चों को भर्ती कर उनका त्वरित उपचार शुरू कर दिया। एक ही गांव के सात मासूम बच्चों के एक साथ बीमार होने की खबर से सेमीकोल में परिजनों और ग्रामीणों के बीच गहरी चिंता और हड़कंप का माहौल बना हुआ है। फिलहाल सभी पीडि़त बच्चों की स्थिति पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं और अस्पताल में उनका उपचार जारी है।


 

Leave a Comment