चोरों का आतंक, रात के अंधेरे में टूटे ताले

बीजाडांडी के ग्राम मगरधा में चोरों का आतंक, रात के अंधेरे में टूटे ताले

सफेद स्विफ्ट कार में आए 8-10 बदमाशों ने दो घरों को बनाया निशाना

  • गोदरेज का ताला तोड़कर नकदी और मोबाइल की चोरी
  • पुलिस में की शिकायत, ग्रामीणों में दहशत

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के बीजाडांडी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मगरधा में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया है। ग्रामीणों ने बताया कि एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार में 8 से 10 की संख्या में संदिग्ध लोग गांव में दाखिल हुए और दो सूने घरों के ताले चटकाए। बताया गया कि चोरी की वारदात के समय परिजन जिले से बाहर गए हुए थे। जिसका फायदा उठाकर चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।बताया गया कि इस घटना को लेकर ग्राम मगरधा निवासी पीडि़ता डिमिया बाई पति स्व. चंद्रभान अहिरवार ने बीजाडांडी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस को बताया कि विगत 10 अक्टूबर शनिवार रविवार की रात करीब 1.30 से 2.30 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़ा। चोरों ने घर के अंदर गोदरेज का ताला तोड़कर लगभग 17 हजार रुपये नकद और एक वीवो कंपनी का मोबाइल कीमत करीब 9200 रुपये पार कर दिया। पीडि़ता ने बताया कि चोरों ने घर का सारा सामान भी बिखेर दिया। चोरी की वारदात की शिकायत 11 अक्टूबर को थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

पुरानी चोरियों का नहीं हुआ खुलासा 

बताया गया कि बीजाडांडी क्षेत्र में पहले हुई चोरियों का खुलासा नहीं हुआ है। अज्ञात चोरों को पकडऩे में बीजाडांडी पुलिस नाकाम साबित हो रही है। जिसके कारण चोरों के हौसले बुलंद है और बेखौफ चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे है। ग्रामीणों ने बताया कि पहले चोर अकेले या अपने एक दो साथी के साथ चोरी को अंजाम देते थे, लेकिन गिरोह बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे है। ग्रामीणों ने मांग की है कि रात्रि गश्त बढ़ाई जाए और पुरानी चोरियों का जल्द से जल्द खुलासा किया जाए।

ग्रामीणों ने जारी किया अलर्ट 

गांव में एक साथ दो घरों में हुई इस सेंधमारी के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। सुरक्षा के मद्देनजर ग्रामवासियों ने एक सार्वजनिक अपील जारी कर सभी से सतर्क रहने का आग्रह किया है। लोगों से अपील की गई है कि अपने घरों और कीमती सामान की सुरक्षा स्वयं सुनिश्चित करें और रात के समय विशेष चौकसी बरतें। किसी भी संदिग्ध वाहन या व्यक्ति के दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें और अकेले उनका सामना करने का प्रयास न करें। यदि किसी ग्रामीण के पास घटना वाली रात का कोई सीसीटीवी फुटेज या जानकारी हो, तो उसे तत्काल पुलिस के साथ साझा करें। फिलहाल बीजाडांडी पुलिस मामले की जांच कर रही है और अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है।


Leave a Comment