मंडला फोर्ट स्टेशन की सुरक्षा पर रेल प्रशासन सख्त
रात में तैनात होंगे 2 RPF जवान, असामाजिक तत्वों पर कसेगी नकेल
- रेल एक्टिविस्ट की शिकायत का असर
- मंडला फोर्ट पर RPF जवानों की तैनाती के निर्देश
- स्थायी चौकी की मांग हुई तेज
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला फोर्ट रेलवे स्टेशन पर रात के समय यात्रियों की सुरक्षा और असामाजिक तत्वों के जमावड़े को लेकर रेल प्रशासन हरकत में आ गया है। रेल एक्टिविस्ट नितिन सोलंकी द्वारा ‘रेल मदद’ पोर्टल पर दर्ज कराई गई शिकायत के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने संज्ञान लेते हुए रात के समय स्टेशन पर दो जवानों की तैनाती के निर्देश दिए हैं।
अधिकारी ने गंभीरता से सुनी समस्या, हुई त्वरित कार्रवाई
नितिन सोलंकी ने बताया कि रात 12:30 बजे से सुबह 5:10 बजे तक ट्रेन के खड़े रहने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था न होने से स्टेशन पर नशीली चीजों का सेवन करने वालों और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। इस शिकायत (संदर्भ क्रमांक 2026100905955) पर नागपुर मंडल के RPF कंट्रोल रूम के अधिकारी अमित सोलंकी से फोन पर चर्चा हुई। अधिकारी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए त्वरित पहल की। रेल मदद के आधिकारिक जवाब में बताया गया है कि नैनपुर RPF को सूचित कर दिया गया है और रात के समय दो जवानों को ड्यूटी पर तैनात करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
फेंसिंग की कमी और स्थायी चौकी की मांग
शिकायत में स्टेशन परिसर में बाउंड्री फेंसिंग न होने और आवारा मवेशियों के प्रवेश का मुद्दा भी उठाया गया था। नितिन सोलंकी ने अधिकारी की त्वरित पहल का स्वागत करते हुए कहा कि नैनपुर से मंडला की दूरी 45 किलोमीटर है, इसलिए यह अस्थायी व्यवस्था पर्याप्त नहीं है। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मंडला फोर्ट पर चौबीसों घंटे निगरानी और एक स्थायी RPF आउटपोस्ट (चौकी) स्थापित किया जाना अत्यंत आवश्यक है।
इन्होंने की स्थायी चौकी की मांग का समर्थन
मंडला फोर्ट रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। रात में RPF जवानों की तैनाती सराहनीय कदम है, लेकिन स्थायी RPF चौकी स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाना चाहिए।
अखिलेश सोनी (समाजसेवी)
रेलवे प्रशासन को मंडला फोर्ट स्टेशन की सुरक्षा पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए नियमित निगरानी तथा स्थायी RPF चौकी की व्यवस्था बेहद जरूरी है।
दिलीप पमनानी (समाजसेवी)










