घुघरी के त्यागी चौक में पहली बार विराजेंगी मां दुर्गा

घुघरी के त्यागी चौक में पहली बार विराजेंगी मां दुर्गा

  • तपोस्थल पर भक्तों में उत्साह, सजा आकर्षक पंडाल
  • त्यागी महाराज की तपोभूमि पर मां भवानी के आगमन की तैयारियां पूरी

मंडला महावीर न्यूज 29. नगर के प्रमुख स्थल त्यागी चौक में इस वर्ष पहली बार मां जगत जननी भवानी दुर्गा की प्रतिमा विराजित होने जा रही है। इस पावन पर्व पर माता रानी के प्रथम आगमन को लेकर घुघरी के त्यागी चौक परिवार और क्षेत्र के श्रद्धालुओं में अभूतपूर्व उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिल रहा है। मां के भव्य स्वागत और दर्शन के लिए एक बेहद आकर्षक और सुंदर पंडाल तैयार किया गया है, जो अपनी भव्य सजावट से अभी से ही श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है।

संत तपोस्थल के रूप में है विशेष पहचान 

बताया गया कि घुघरी स्थित त्यागी चौक क्षेत्र श्री श्री 1008 फट्टी वाले त्यागी महाराज के पवित्र तपोस्थल से जुड़ा हुआ एक ऐतिहासिक और आध्यात्मिक केंद्र है। इस स्थान पर महाराज जी की प्रतिमा स्थापित होने के बाद से ही इस क्षेत्र को त्यागी चौक के नाम से जाना जाने लगा है। अब इसी ऐतिहासिक और आध्यात्मिक पावन स्थल पर पहली बार मां दुर्गा की स्थापना होने जा रही है, जिसे लेकर स्थानीय निवासियों में विशेष धार्मिक उमंग है।

जोर-शोर से चल रही तैयारियां 

माता रानी के आगमन के पल को ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए त्यागी चौक परिवार और समिति के सभी सदस्य दिन-रात तैयारियों में जुटे हुए हैं। पंडाल की साज-सज्जा के साथ सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। भक्तगण मां के स्वागत और प्रथम दर्शन के लिए बेहद उत्सुकता से इंतजार कर रहे हैं। इस आयोजन से पूरे क्षेत्र में भक्तिमय और आध्यत्मिक वातावरण बन गया है।


Leave a Comment