मंडला में दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष
पेट में चाकू लगने से युवक गंभीर, जबलपुर रेफर
- डिंडौरी नाका के पास मामूली कहासुनी के बाद चाकूबाजी
- तीन संदिग्ध आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
मंडला महावीर न्यूज 29. शहर के डिंडौरी नाका (पड़ाव) के पास गुरुवार रात दो गुटों के बीच हुआ विवाद हिंसक हो गया। इस दौरान हुई मारपीट और चाकूबाजी में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

कहासुनी के बाद पेट में घोंपा चाकू
जानकारी अनुसार घायल युवक पंकज ब्रम्हे स्वामी सीताराम वार्ड का निवासी है। गुरुवार रात वह अपने दो अन्य साथियों के साथ पड़ाव के पास खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आए तीन अन्य युवकों से उनकी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि नौबत मारपीट तक आ गई। इसी बीच एक आरोपी ने पंकज पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। चाकू सीधे पंकज के पेट में जा लगा, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। इस झड़प में कुछ अन्य लोगों को भी मामूली चोटें आई हैं।

गंभीर हालत में जबलपुर रेफर
चाकूबाजी की घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी वहां से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल पंकज को तत्काल मंडला जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। मारपीट में घायल हुए अन्य लोगों की हालत सामान्य बताई जा रही है।

आरोपियों की पहचान, पुलिस कर रही तलाश
एसडीओपी पीयूष मिश्रा ने घटना के संबंध में बताया कि तीन युवकों का दूसरे गुट के तीन युवकों से विवाद हुआ था, जिसके बाद यह चाकूबाजी हुई है। कोतवाली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीन संदिग्ध आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। फिलहाल विवाद की असल वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि घायलों के विस्तृत बयान दर्ज होने और पूरी जानकारी मिलने के बाद एफआईआर दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।










