मंडला एसपी ने किया ग्रामीणों से संवाद, सुरक्षा और नशा मुक्ति पर दिया जोर

मंडला एसपी ने किया ग्रामीणों से संवाद, सुरक्षा और नशा मुक्ति पर दिया जोर

पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय की पहल

  • मोतीनाला थाना क्षेत्र के भीमडोंगरी में कानून-व्यवस्था व साइबर अपराध पर चर्चा
  • भीमडोंगरी में पुलिस-जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित

मंडला महावीर न्यूज 29. मोतीनाला थाना अंतर्गत ग्राम भीमडोंगरी स्थित पुलिस कौशल केंद्र में क्षेत्र के ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में पुलिस-जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मंडला पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी और एसडीओपी बिछिया सौरभ तिवारी ने क्षेत्रीय समस्याओं और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विषयों पर जनसामान्य से सीधा संवाद किया।आयोजन के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीण अंचलों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, नशा मुक्ति अभियान, साइबर अपराधों से बचाव, यातायात व सड़क सुरक्षा, तथा बाल विवाह की रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आगाह किया कि डिजिटल ठगी और ऑनलाइन अपराधों से बचने के लिए सतर्कता बेहद जरूरी है। इसके साथ ही युवाओं को नशे की लत से दूर रखने और समाज में नशा मुक्ति का संदेश फैलाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया गया।

पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय की अपील 

एसपी राजेश रघुवंशी एवं एसडीओपी सौरभ तिवारी ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने आसपास होने वाली किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि और अवैध कृत्य की सूचना निसंकोच पुलिस को दें। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने भी क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं, गश्त व्यवस्था और पुलिस-जन सहयोग को मजबूत बनाने के संबंध में अपने सुझाव रखे, जिन्हें अधिकारियों ने गंभीरता से सुना और उचित निराकरण का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में जनपद सदस्य अनंत सिंह राठौर सहित क्षेत्र के सैकड़ों जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर मोतीनाला थाना प्रभारी हेमंत बाबरिया ने सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और पुलिस अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।


रिपोर्ट- सुशील बंजारा, मोतीनाला, मवई

Leave a Comment