दंडात्मक कार्यवाहियों के विरोध में लामबंद हुए पटवारी

प्रांतीय आह्वान पर जिले के पटवारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर

ऑनलाईन ग्रुपो से हुए लेफ्ट, काम पूरी तरह ठप्प

  • दंडात्मक कार्यवाहियों के विरोध में लामबंद हुए पटवारी
  • मंडला की सभी तहसीलों में कलम बंद हड़ताल शुरू, कलेक्ट्रेट रोड पर धरना

मंडला महावीर न्यूज 29. मध्य प्रदेश पटवारी संघ के प्रांतीय आह्वान पर मंडला की सभी तहसीलों के पटवारियों ने गुरुवार से अनिश्चितकालीन कलम बंद हड़ताल प्रारंभ कर दी है। मप्र पटवारी संघ मंडला जिलाध्यक्ष गीतेन्द बैरागी ने प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि सभी पटवारियों ने शासकीय विभागीय व्हाट्सएप ग्रुपो से लेफ्ट होकर ऑनलाईन एवं मैदानी कार्यों से स्वयं को पूरी तरह पृथक कर लिया है।

बताया गया कि देवास जिले में स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन 2026 कार्य को आधार बनाकर पटवारी साथियों की सेवा समाप्ति और मंडला सहित प्रदेश के अन्य जिलों में निलंबन व दंडात्मक कार्यवाहियां की जा रही हैं। जबकि संघ द्वारा इस योजना के निष्पादन से जुड़ी व्यावहारिक व विधिक समस्याओं से शासन को पहले ही अवगत कराया जा चुका था। गत 15 सितंबर को मुख्यमंत्री के नाम प्रेषित ज्ञापन में पटवारी संवर्ग को स्वामित्व योजना के पंजीयन संबंधी कार्यों से पृथक रखने का स्पष्ट अनुरोध किया गया था। इसके बावजूद लगातार की जा रही एकतरफा दंडात्मक कार्यवाहियों से सम्पूर्ण पटवारी संवर्ग में गहरा रोष व्याप्त है।

तहसीलों में लिखित सूचना देकर कलेक्ट्रेट रोड पर धरना प्रदर्शन 

जिले की समस्त तहसील मंडला, बिछिया, निवास, नारायणगंज, नैनपुर एवं घुघरी के पटवारी तहसील अध्यक्षों के माध्यम से लिखित सूचना प्रस्तुत कर हड़ताल पर चले गए हैं। संघ ने कहां है कि हड़ताल अवधि के दौरान जिले भर के पटवारी जिला मुख्यालय मंडला में कलेक्ट्रेट रोड स्थित निर्धारित स्थल पर एकत्र होकर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करेंगे। पटवारियों की इस हड़ताल से जिले की राजस्व संबंधी व्यवस्थाएं और आम जनता के सीमांकन, नामांतरण व अभिलेख सुधार जैसे कार्य पूरी तरह प्रभावित होने की आशंका है।


 

Leave a Comment