गुरू और शिष्याओं की तिकड़ी ने महोत्सव में बिखेगा जलवा
- इंदौर के 23वें नेशनल मालवा नृत्य महोत्सव में मंडला की बेटियों ने पेश की मिसाल
- ऐश्वर्या, मान्या और उनकी गुरु सौम्या ने नृत्य में हासिल किया पहला स्थान
मंडला महावीर न्यूज 29. इंदौर में विगत दिवस आयोजित हुए 23वें ऑल इंडिया कल्चरल नेशनल मालवा नृत्य महोत्सव 2026 में मंडला की बेटियों ने अपनी शानदार और मनमोहक प्रस्तुतियों से पूरे जिले का मान बढ़ाया है। देश भर से आई हजारों प्रतिभाओं के बीच इन होनहार नृत्यांगनाओं ने अपनी कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया है।
जानकारी अनुसार अखिल नटराजम् अंतर सांस्कृतिक संघ द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर की स्पर्धा में देश भर के विभिन्न राज्यों से लगभग दो हजार प्रतियोगियों ने हिस्सा लिया था। कड़े मुकाबले के बीच मंडला की बाल प्रतिभा ऐश्वर्या बसंत पिता मनोज बसंत, माता स्मिता बसंत ने माइनर कैटेगरी के फोक (लोक) नृत्य में अपनी अद्भुत कला दिखाते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। इसी तरह जूनियर कैटेगरी के फोक नृत्य में मान्या राय पिता मनीष राय, माता श्रद्धा राय ने भी अपनी बेहतरीन और ऊर्जावान प्रस्तुति से निर्णायकों का दिल जीत लिया और अपनी श्रेणी में प्रथम स्थान पर कब्जा जमाया।
गुरू और शिष्यों ने बिखेरा जलवा
बताया गया कि इस गौरवमयी उपलब्धि का सबसे खास पहलू यह है कि इन दोनों बाल प्रतिभाओं ऐश्वर्या और मान्या ने इसी राष्ट्रीय प्रतियोगिता की सेमी क्लासिकल नृत्य कैटेगरी में प्रथम स्थान हासिल करने वाली होनहार नृत्यांगना सौम्या खरे से ही नृत्य का विधिवत प्रशिक्षण प्राप्त किया है। सौम्या खरे ने अपने वर्ग में कड़ा प्रदर्शन करते हुए लगभग 500 से अधिक उत्कृष्ट प्रतिभागियों को पछाड़कर यह सर्वोच्च मुकाम हासिल किया है।
महोत्सव में कामयाबी की बनी मिसाल
इस तरह गुरु और शिष्याओं की इस तिकड़ी ने महोत्सव में कामयाबी की अनूठी मिसाल पेश की है। एक ही राष्ट्रीय मंच पर गुरु और शिष्याओं द्वारा अपनी-अपनी श्रेणियों में प्रथम पुरस्कार जीतने से मंडला जिले में हर्ष का माहौल है। नगर के कला प्रेमियों, परिजनों और शुभचिंतकों ने इन उभरती हुई प्रतिभाओं को उनकी इस शानदार राष्ट्रीय उपलब्धि पर ढेरों बधाइयां देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।










