ब्रेन चाईल्ड एकेडमी के एनसीसी कैडेट्स ने दिया माटी एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश
मातृभूमि को किया नमन
- ब्रेन चाईल्ड एकेडमी में एनसीसी कैडेट्स ने ली मृदा संरक्षण की शपथ
- किया माटी एकत्रीकरण
मंडला महावीर न्यूज 29. एनसीसी निदेशालय मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ और वन एमपी आर्टी रेजीमेंट एनसीसी के निर्देशानुसार स्थानीय ब्रेन चाईल्ड एकेडमी में एनसीसी कैडेट्स द्वारा संकल्प वृक्ष-2026 के तहत माटी एकत्रीकरण एवं मृदा संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस गतिविधि का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के भीतर मातृभूमि के प्रति सम्मान, पर्यावरण व मृदा संरक्षण के प्रति जागरूकता और राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करना था।
कमान अधिकारी कर्नल कीर्ति शिंत्रे, लेफ्टिनेंट कर्नल नरेंद्र सिंह शेखावत तथा सूबेदार मेजर के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए विद्यालय की एनसीसी इकाई ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत चिन्हित स्थानों से 1-1 किलोग्राम के दो पैकेट (कुल 2 किलोग्राम) माटी एकत्र कर सुरक्षित रखी।
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या डॉ. दिव्या शुक्ला ने कार्यक्रम में उपस्थित होकर कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया। पूरी गतिविधि का आयोजन और संचालन एनसीसी अधिकारी एवं निर्देशक निशांत शुक्ला द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ शिक्षिका रक्षा परमार ने कैडेट्स को मृदा संरक्षण के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि पौधों के समुचित विकास के लिए अलग-अलग प्रकार की मिट्टी कैसे उपयोगी होती है। साथ ही, उन्होंने सभी कैडेट्स को शपथ दिलाई कि वे अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में मिट्टी के कटाव को रोकने, प्रदूषण कम करने, अधिक से अधिक पौधारोपण करने और जैविक पदार्थों के उपयोग को बढ़ावा देने में अपना सक्रिय योगदान देंगे। सभी एनसीसी कैडेट्स ने पूर्ण उत्साह और अनुशासन के साथ इस कार्यक्रम में अपनी सहभागिता दर्ज की तथा माटी, पर्यावरण और राष्ट्र के संरक्षण का अपना संकल्प दोहराया।










