अनुशासन और दृढ़ संकल्प से ही मिलती है सफलता-एसपी राजेश रघुवंशी
- उत्कृष्ट विद्यालय मंडला में करियर कार्यशाला संपन्न
- विद्यार्थियों को दिए गए पुलिस और सेना में भविष्य संवारने के टिप्स
मंडला महावीर न्यूज 29. शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय मंडला में सेवा संकल्प अभियान और प्रोजेक्ट संकल्प के अंतर्गत एक विशाल करियर कार्यशाला का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को सही भविष्य की राह दिखाना और उनमें देश सेवा का जज्बा पैदा करना था। कार्यशाला में मुख्य मार्गदर्शक के रूप में जिले के पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी, डीएसपी सतीश चतुर्वेदी और 33वीं वाहिनी की डिप्टी कमांडेंट रुचिता चतुर्वेदी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक ्र राजेश रघुवंशी ने विद्यार्थियों में जोश भरा। उन्होंने सफलता का मंत्र देते हुए कहा अनुशासन से ही सफलता मिलती है। एसपी ने जोर देकर कहा कि जीवन में कड़ा अनुशासन, लक्ष्य के प्रति पूर्ण एकाग्रता और बिना रुके निरंतर आगे बढ़ते रहने की ललक ही किसी भी व्यक्ति को उसकी मंजिल तक पहुंचाती है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को समय का सदुपयोग करने और विपरीत परिस्थितियों में भी विचलित न होने की महत्वपूर्ण सीख दी।
सेना और पुलिस बल में करियर बनाने की दी जानकारी
कार्यशाला के दौरान डीएसपी सतीश चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों को पुलिस विभाग, अर्धसैनिक बलों और भारतीय सेना में करियर बनाने की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने इन सेवाओं की चयन प्रक्रिया, आवश्यक शारीरिक और मानसिक योग्यता तथा लिखित परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया। वहीं 33वीं वाहिनी की डिप्टी कमांडेंट रुचिता चतुर्वेदी ने विशेष रूप से छात्राओं का हौसला बढ़ाया। उन्होंने बताया कि आज के समय में लड़कियों के लिए पुलिस और सुरक्षा बलों में बेहतरीन अवसर मौजूद हैं। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता की यात्रा स्कूली जीवन से ही शुरू हो जाती है, इसलिए अभी से अपने सपनों को उड़ान देने के लिए सही दिशा में मेहनत शुरू कर दें।
करियर निर्धारण और एनसीसी के बताए फायदे
कार्यक्रम का सफल संयोजन करियर काउंसलर अखिलेश उपाध्याय ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को सही करियर चुनने के महत्व के बारे में विस्तार से समझाया और अग्निवीर योजना तथा एनसीसी से जुडऩे के फायदों से भी अवगत कराया। इस अवसर पर शिवनारायण झारिया, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी प्रवीण अग्रवाल, एनसीसी के सेकंड ऑफिसर संजय धनगर, आरके हरदहा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ और भारी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।









