चाबी में शराब दुकान के पास मिला संदिग्ध अवस्था में व्यक्ति का शव
- चेहरे पर चोट के निशान से हत्या की आशंका
- शव मिलने से गहराया सस्पेंस
- हत्या या हादसा, गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के मोहगांव विकासखंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम चाबी में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब यहां स्थित एक शराब दुकान के पास एक व्यक्ति का शव बेहद संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। बीच बाजार शव पड़े होने की खबर जंगल में आग की तरह फैली और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। मृतक के चेहरे पर चोट के गहरे निशान पाए गए हैं, जिससे इलाके में हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत का असल कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
नाक के पास मिली गहरी चोट
जानकारी अनुसार मृतक की शिनाख्त चाबी ग्राम के ही निवासी चन्द्रभान मरकाम के रूप में हुई है। बुधवार को स्थानीय लोगों ने चाबी स्थित देशी एवं अंग्रेजी कम्पोजिट शराब दुकान और तिवारी पेट्रोल पंप के समीप चन्द्रभान का शव पड़ा देखा। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब शव का मुआयना किया तो मृतक की नाक और चेहरे के पास गहरी चोट के निशान दिखाई दिए। शरीर पर मिले इन चोट के निशानों ने घटना को संदिग्ध बना दिया है, जिससे यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि युवक की मौत सामान्य नहीं है।
शराब दुकान के आसपास की घटनाओं से उठे सवाल
शराब दुकान और पेट्रोल पंप के आसपास शव मिलने से स्थानीय लोगों में दहशत के साथ-साथ आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि चाबी में स्थित इस शराब दुकान और पेट्रोल पंप के आसपास आए दिन असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। यहां अक्सर विवाद, गाली-गलौज और मारपीट की घटनाएं सामने आती रहती हैं। ऐसे में इसी विवादित क्षेत्र में संदिग्ध अवस्था में शव का मिलना सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त पर भी सवाल खड़े कर रहा है।
हत्या या हादसा, हर एंगल से जांच कर रही पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए चाबी पुलिस चौकी और मोहगांव थाना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहगांव भेज दिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि चन्द्रभान मरकाम की मौत किसी सड़क हादसे में हुई है या फिर किसी विवाद के बाद उसकी हत्या की गई है। पुलिस मामले के दोनों पहलुओं ध्यान में रखकर तफ्तीश कर रही है।
अंतिम बार किनके साथ था मृतक, की जा रही पूछताछ
पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना से पहले मृतक चन्द्रभान आखिरी बार किन लोगों के साथ देखा गया था। क्या उसका किसी के साथ कोई पुराना विवाद था या शराब दुकान के पास उसका किसी से झगड़ा हुआ था। इन सभी सवालों के जवाब तलाशने के लिए पुलिस आसपास के लोगों, दुकानदारों और मृतक के परिजनों से पूछताछ कर रही है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच की मांग की है ताकि मौत की असल वजह सामने आ सके। फिलहाल पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे इस रहस्यमयी मौत से पर्दा उठ सकेगा।









