महिलाओं को बताए पोषण के महत्व, दी टीकाकरण की जानकारी

महिलाओं को बताए पोषण के महत्व, दी टीकाकरण की जानकारी

पड़रिया माल में तीन दिवसीय आंगन मिलन सेवा संकल्प अभियान संपन्न

  • आंगनबाड़ी केंद्र में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
  • महिलाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड बीजाडांडी के अंतर्गत आने वाले सेक्टर पोंडी के आंगनबाड़ी केंद्र पड़रिया माल में तीन दिवसीय आंगन मिलन सेवा संकल्प अभियान का सफलतापूर्वक समापन हुआ। महिला एवं बाल विकास विभाग की इस पहल के तहत ग्रामीणों, महिलाओं और बच्चों को स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूक करने के लिए विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।अभियान के दौरान आयोजित जागरूकता सत्र में गर्भवती व धात्री महिलाओं और छोटे बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व को विस्तार से समझाया गया। इसके साथ ही बच्चों को गंभीर और जानलेवा बीमारियों से बचाने के लिए समय पर संपूर्ण टीकाकरण कराने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों को अपने दैनिक भोजन में हरी पत्तेदार सब्जियां, दालें और स्थानीय मौसमी फल शामिल करने की सलाह दी जिससे कुपोषण को जड़ से मिटाया जा सके।

कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति 

तीन दिवसीय कार्यक्रम को सफल बनाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नर्मदा बर्मन और सहायिका कलिया बाई धुर्वे की मुख्य भूमिका रही। समापन अवसर पर ग्राम के गणमान्य नागरिक, बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं और नन्हे-मुन्ने बच्चे उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने स्वस्थ और सुपोषित समाज के निर्माण का संकल्प लिया।


 

Leave a Comment