डीजे पर रात 10 बजे तक की पाबंदी, विसर्जन में नशे पर सख्त रोक
दुर्गा उत्सव को लेकर घुघरी में शांति समिति की बैठक आयोजित
- प्रशासन के कड़े निर्देश
- नियम तोड़ा तो समितियों पर होगी कार्रवाई
- हाट-बाजार के लिए भी व्यवस्था तय
मंडला महावीर न्यूज 29. आगामी दुर्गा उत्सव को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय घुघरी में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। एसडीएम संस्कार बाबरिया और एसडीओपी सौरभ तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में दुर्गा उत्सव समितियों के पदाधिकारियों, थाना घुघरी क्षेत्र के पंडा, जनप्रतिनिधियों और पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया।
ध्वनि विस्तारक यंत्रों एवं बिजली सुरक्षा के कड़े नियम
बैठक में प्रशासन ने शासन की गाइडलाइन का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए। डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का संचालन सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक ही निर्धारित ध्वनि सीमा में करने की हिदायत दी गई। अस्पताल परिसर के आसपास विशेष रूप से शांति बनाए रखने को कहा गया। इसके अलावा, पंडालों में बिजली कनेक्शन लेते समय सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा विद्युत विभाग को जर्जर व फॉल्ट लाइनों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
विसर्जन में नशे पर पूर्ण प्रतिबंध, उपद्रवियों पर होगी कार्रवाई
एसडीओपी सौरभ तिवारी और थाना प्रभारी प्रकाश चंद्र सेन ने स्पष्ट किया कि विसर्जन जुलूस के दौरान शराब या किसी भी प्रकार के नशे का सेवन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। वाहन चालक, डीजे संचालक और वॉलंटियर किसी भी सूरत में नशे की हालत में नहीं होने चाहिए। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि विसर्जन के दौरान कानून-व्यवस्था बिगडऩे या विवाद की स्थिति उत्पन्न होने पर संबंधित व्यक्तियों के साथ-साथ आयोजन समिति के विरुद्ध भी कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
साप्ताहिक हाट-बाजार को लेकर सख्त हिदायत
बैठक में क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए ग्राम पंचायत सचिव को निर्देशित किया गया कि वीकली हाट-बाजार केवल निर्धारित स्थल पर ही लगाया जाए। बस्ती के अंदर, बस स्टैंड परिसर और डिवाइडर पर दुकानें लगाने की अनुमति नहीं होगी। बैठक में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज मरकाम, भाजपा जिला उपाध्यक्ष रामप्रकाश साहू, ग्राम पंचायत उपसरपंच दुर्गेश चौकसे, तहसीलदार पुष्पेंद्र पंद्रे, नायब तहसीलदार बलिराम साहू, थाना प्रभारी प्रकाश चंद्र सेन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और दुर्गा उत्सव समितियों के सदस्य मौजूद रहे।









