सरहद के पार विरासत की खोज, इंटेक मंडला व कवर्धा चैप्टर की संयुक्त पहल

सरहद के पार विरासत की खोज, इंटेक मंडला व कवर्धा चैप्टर की संयुक्त पहल

  • 30 सदस्यीय दल ने किया भोरमदेव का शैक्षणिक भ्रमण
  • छत्तीसगढ़ के खजुराहो भोरमदेव मंदिर
  • मड़वा महल और प्राचीन शिल्पकारी से रूबरू हुए इंटेक सदस्य

मंडला महावीर न्यूज 29. भारतीय राष्ट्रीय कला एवं सांस्कृतिक धरोहर न्यास के मंडला और कवर्धा चैप्टर की संयुक्त पहल पर छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध ऐतिहासिक, प्राकृतिक एवं धार्मिक स्थल भोरमदेव का शैक्षणिक भ्रमण किया गया। सरहद के पार विरासत के इतिहास की जानकारी अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी को मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की साझा ऐतिहासिक धरोहर से परिचित कराना तथा उनके संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।मंडला चैप्टर के संयोजक अरुण अग्रवाल के मार्गदर्शन में 30 सदस्यीय दल कवर्धा जिले के भोरमदेव पहुंचा। वहां कवर्धा चैप्टर के सदस्य आदित्य श्रीवास्तव ने दल को ऐतिहासिक तथ्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भगवान शिव को समर्पित भोरमदेव मंदिर का निर्माण 11वीं शताब्दी में नागवंशी राजा गोपाल देव ने कराया था। इसकी बाहरी दीवारों पर उकेरी गई कलात्मक शिल्पकारी खजुराहो के समान होने के कारण इसे छत्तीसगढ़ का छोटा खजुराहो भी कहा जाता है। भ्रमण के दौरान दल ने भोरमदेव मंदिर समूह, मड़वा महल, छेरकी महल, कवर्धा महल और पुरातत्व संग्रहालय में रखे प्राचीन अवशेषों व प्राकृतिक सौंदर्य का अवलोकन किया।

दोनों राज्यों की साझा विरासत को सहेजने पर जोर 

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्य संयोजक अरविंद मिश्रा ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक व पुरातात्विक विरासत आपस में गहराई से जुड़ी हुई है, जिसे आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है। वहीं, कवर्धा के महाराज एवं इंटेक संयोजक योगेश्वर राज सिंह के मार्गदर्शन में अतिथियों का आत्मीय सत्कार किया गया तथा सहसंयोजक महेंद्र खनूजा, मोहित खनूजा, असलम नवाज व सलमान खान का विशेष सहयोग रहा।

इनकी रही सहभागिता 

मंडला चैप्टर से इस शैक्षणिक भ्रमण की रूपरेखा तैयार करने में विजय अग्रवाल, संजय सिंगौर और राजेश क्षत्री की विशेष भूमिका रही। भ्रमण दल में रंजीत कछवाहा, अखिलेश सोनी, विनोद श्रीवास, एनके यादव, आरपी शुक्ला, राजेश अग्रवाल, कल्पना नागेश्वर, प्रतिमा बाजपेई, रश्मि पाठक, संजू लता सिंगौर सहित अन्य इंटेक सदस्य उपस्थित रहे।


Leave a Comment