जादू-टोने के शक में की गई थी 80 वर्षीय बुजुर्ग की निर्मम हत्या

घुघरी पुलिस ने 48 घंटे में किया अंधे कत्ल का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

  • जादू-टोने के शक में की गई थी 80 वर्षीय बुजुर्ग की निर्मम हत्या
  • तंत्र-मंत्र की रंजिश में 60 वर्षीय पड़ोसी ने ही रेता था गला, पुलिस ने भेजा जेल

मंडला महावीर न्यूज 29. थाना घुघरी अंतर्गत चौकी सलवाह के ग्राम भैंसवाही में 80 वर्षीय बुजुर्ग की धारदार हथियार से गला काटकर की गई निर्मम हत्या की गुत्थी को पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। जादू-टोने और तंत्र-मंत्र के संदेह में गांव के ही एक 60 वर्षीय व्यक्ति ने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त हथियार (बका) जब्त कर लिया है।

जानकारी अनुसार बीते 29 सितंबर को चौकी सलवाह में सूचना मिली थी कि ग्राम भैंसवाही निवासी सोहन सिंह सरौते 80 वर्ष की उनके घर के कमरे में किसी अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही थाना घुघरी एवं चौकी सलवाह का पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। प्रार्थी रतन सिंह सरौते की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जादू-टोने के शक में उतारा मौत के घाट 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मंडला राजेश रघुवंशी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा एवं एसडीओपी बिछिया सौरभ तिवारी के मार्गदर्शन में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई। विवेचना के दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने संदेही धौकल धुर्वे पिता बराती धुर्वे 60 वर्ष, निवासी स्कूलटोला भैंसवाही को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी धौकल धुर्वे ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसे लंबे समय से संदेह था कि मृतक सोहन सिंह तंत्र-मंत्र और जादू-टोना करता है, जिसकी वजह से वह परेशान रह रहा था। इसी रंजिश के चलते 28 सितंबर की रात वह अपने घर से धारदार हथियार बका लेकर मृतक के घर पहुंचा और गले पर वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद सबूत मिटाने की नीयत से उसने हथियार और अपने कपड़े नाले में धोए और घर लौट गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बका जब्त कर उसे न्यायालय मंडला में पेश किया है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका 

अंधे कत्ल के इस त्वरित खुलासे में थाना प्रभारी घुघरी निरीक्षक प्रकाश चन्द्र सेन, चौकी प्रभारी सलवाह निरीक्षक हितेश शर्मा, सउनि अजय डेहरिया, सउनि ताराचंद बघेल, प्रधान आरक्षक जैनसिंह धुर्वे, भारत सिंह परते, आरक्षक रजनीकांत तेकाम, उमेश यादव, दुर्गेश सिन्द्राम, सैनिक पवन सोनवानी एवं चालक आरक्षक धनेश मेरावी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


Leave a Comment