1.75 करोड़ की ठगी करने वाले 6 आरोपी गिरफ्तार
32 लाख नकद सहित 66.50 लाख का मशरूका जब्त
- मंडला के बहुचर्चित डबल मनी कांड में पुलिस का बड़ा एक्शन
- रकम दोगुनी करने का झांसा देकर करोड़ों ठगने वाले गिरोह का पर्दाफाश
- मंडला, बालाघाट और गोंदिया से 6 आरोपी धराए, लग्जरी कारें और लाखों की नकदी बरामद
मंडला महावीर न्यूज 29. कम समय में जमा पूंजी को दोगुना करने का लालच देकर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले बहुचर्चित डबल मनी प्रकरण में कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अंतरराज्यीय स्तर पर दबिश देते हुए इस धोखाधड़ी में लिप्त 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 32 लाख रुपये नकद और लग्जरी वाहनों सहित कुल 66.50 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया है। इस मामले में अब तक करीब 1.75 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की शिकायतें सामने आ चुकी हैं।
जानकारी अनुसार शहर के नागरिकों को अधिक मुनाफे का झांसा देकर ठगे जाने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा के मार्गदर्शन और एसडीओपी मंडला पीयूष मिश्रा के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया था। पुलिस टीमों ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए नागपुर, गोंदिया, मुंबई और बालाघाट सहित विभिन्न ठिकानों पर दबिश दी। सुनियोजित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मंडला, बालाघाट और महाराष्ट्र के गोंदिया से कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई।
डबल मनी कांड के आरोपी गिरफ्तार
पकड़े गए आरोपियों में राजिक कुरैशी 31 वर्ष निवासी बालाघाट, मोहसिन उर्फ समीम खान 32 वर्ष निवासी इलाही चौक मंडला, अब्दुल समीर शेख 30 वर्ष निवासी गोंदिया महाराष्ट्र, रासिद खान 36 वर्ष निवासी राजीव कॉलोनी देवदरा मंडला, साजिद खान 40 वर्ष निवासी देवदरा मंडला और इमरान शेख 26 वर्ष निवासी गोंदिया महाराष्ट्र शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि प्रकरण के मुख्य आरोपी राजिक कुरैशी के विरुद्ध पूर्व से ही नागपुर के नंदनवन थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज है, जिसमें वह वर्तमान में जमानत पर चल रहा है।
ठगी की रकम से छुड़ाई गिरवी कार, खरीदे लग्जरी वाहन
पुलिस ने आरोपियों के पास से 32 लाख रुपये नकद, एक हुंडई अल्काजार कार कीमत 20 लाख रुपये, एक मारुति ब्रेजा कार कीमत 10 लाख रुपये, तीन स्कूटी कीमत 3.50 लाख रुपये और एक महंगा मोबाइल फोन कीमत 50 हजार रुपये जब्त किया है। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने ठगी के पैसों से ही कार, स्कूटी और मोबाइल खरीदे थे। वहीं पहले से गिरवी रखी हुंडई अल्काजार कार को भी धोखाधड़ी की रकम में से 11 लाख रुपये नकद चुकाकर छुड़ाया गया था। फिलहाल पुलिस आरोपियों से निवेशकों की पहचान, संपत्तियों और वित्तीय लेन-देन के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर रही है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शफीक खान, निरीक्षक संजीव उइके, ओपी रावत, आनंद बागवान, सउनि भूमेश्वर बामनकर, माया राम धुर्वे, प्रधान आरक्षक रविंद्र परते, प्रीतम उइके तथा आरक्षक मृदुल, रमेश, प्रियांश, यमुना प्रसाद, जगदीश आदर्श एवं सुरेश भटेरे की मुख्य भूमिका रही।
मंडला पुलिस ने की अपील
मंडला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि कम समय में पैसा दोगुना करने या असामान्य लाभ देने के प्रलोभन में आकर अपनी मेहनत की कमाई निवेश न करें। किसी भी संदिग्ध स्कीम या धोखाधड़ी की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।
https://youtube.com/shorts/VlJCpqApKbU?si=SaN7vZ4k-3Hs6Rq1










