प्राथमिक शिक्षा की नींव मजबूत करने शिक्षक ले रहे एफएलएन प्रशिक्षण

प्राथमिक शिक्षा की नींव मजबूत करने शिक्षक ले रहे एफएलएन प्रशिक्षण

  • नारायणगंज में चार दिवसीय एफएलएन प्रशिक्षण का डीपीसी ने किया निरीक्षण
  • दिए आवश्यक दिशा-निर्देश, बुनियादी साक्षरता एवं संख्याज्ञान प्रशिक्षण का लिया जायजा

मंडला महावीर न्यूज 29. जनपद शिक्षा केंद्र नारायणगंज में प्राथमिक स्तर के शिक्षकों के लिए आयोजित चार दिवसीय एफएलएन बुनियादी साक्षरता एवं संख्याज्ञान प्रशिक्षण का जिला परियोजना समन्वयक अशोक शुक्ला द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। यह प्रशिक्षण कक्षा 1 एवं 2 के विद्यार्थियों को अध्यापन कराने वाले शिक्षकों के शैक्षणिक कौशल में सुधार और बच्चों की बुनियादी शिक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।निरीक्षण के दौरान डीपीसी अशोक शुक्ला ने प्रशिक्षण की गतिविधियों, शिक्षण विधियों एवं उपयोग में लाई जा रही टीएलएम का जायजा लिया। उन्होंने प्रशिक्षण ले रहे शिक्षकों से सीधे संवाद करते हुए एफएलएन के मुख्य उद्देश्यों, कक्षा शिक्षण में इसके प्रभावी क्रियान्वयन, निपुण और परख जैसी महत्वपूर्ण शैक्षणिक गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा की।

गतिविधि आधारित एवं बाल-केंद्रित शिक्षण पर दिया जोर 

डीपीसी अशोक शुक्ला ने शिक्षकों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई गतिविधियों एवं शिक्षण विधियों को विद्यालयों में जाकर बच्चों के साथ नियमित एवं प्रभावी रूप से लागू करें। उन्होंने कहा कि कक्षा 1 और 2 के विद्यार्थियों में बुनियादी साक्षरता एवं गणितीय समझ की मजबूत नींव तैयार करने के लिए गतिविधि आधारित और बाल-केंद्रित शिक्षण पद्धतियों का उपयोग अत्यंत आवश्यक है।

चार दिवसीय प्रशिक्षण में सीख रहे आधुनिक शिक्षण पद्धतियाँ

बताया गया कि इस चार दिवसीय प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षकों को बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा को अधिक रुचिकर, सहज और प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न शैक्षणिक प्रक्रियाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान ये रहे उपस्थित

निरीक्षण के दौरान सहायक परियोजना समन्वयक केके उपाध्याय, एमआरसी शेख इरफान, बीएसी चरण लाल झरिया, एमटी कैलाश सोनी, दिव्या ठाकुर, सुषमा मरावी, राकेश कुमार पौडवाल एवं अरविन्द डाहेरिया सहित प्रशिक्षण से जुड़े अन्य अधिकारी, मास्टर ट्रेनर्स एवं शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित रहे।


 

Leave a Comment