जर्जर स्कूल भवन में हादसा
शिक्षिका के ऊपर गिरा चलता हुआ सीलिंग फैन, आई सिर व चेहरे में चोट
- भोजन अवकाश के दौरान हुआ हादसा
- चेहरे पर आए 11 टांके, अभिभावकों ने की नए विद्यालय भवन की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. जनपद शिक्षा केंद्र बीजाडांडी के अंतर्गत आने वाले शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय मोईयानाला में विभागीय लापरवाही के कारण एक हादसा हो गया। बताया गया कि मंगलवार को विद्यालय में पदस्थ शिक्षिका श्रीमती कीर्ति वर्मा के ऊपर अचानक चलता हुआ सीलिंग फैन गिर गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। गनीमत रही कि घटना के वक्त पंखे के ठीक नीचे या आसपास कोई छात्र मौजूद नहीं था, अन्यथा कोई बड़ी घटना हो सकती थी।
जानकारी अनुसार हादसा उस समय हुआ जब विद्यालय में मध्याह्न भोजन का अवकाश चल रहा था और शिक्षिका कीर्ति वर्मा अपनी टेबल पर बैठकर कार्य कर रही थीं। अचानक छत के छज्जे और लोहे के हुक के साथ पूरा पंखा उनके सिर पर आ गिरा। पंखा गिरने से उनके चेहरे और नाक पर गहरा कट लगा, जिससे भारी मात्रा में खून बहने लगा और वे मौके पर ही बेहोश हो गईं।
चेहरे पर आए 11 टांके, सीटी स्कैन रिपोर्ट नॉर्मल
बताया गया कि आनन-फानन में साथी शिक्षकों ने उन्हें स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीजाडांडी में भर्ती कराया, जहाँ से प्राथमिक उपचार और इंजेक्शन देने के बाद उन्हें जबलपुर रेफर कर दिया गया। जबलपुर में ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. नितिन के पास ले जाया गया। जहां उनकी जांच कराई गई। शिक्षिका के चेहरे और नाक पर गहरा घाव होने के कारण उन्हें अंदरूनी और बाहरी मिलाकर कुल 11 टांके लगाए गए हैं। हालांकि जबलपुर में कराए गए उनके ब्रेन सीटी स्कैन की रिपोर्ट में कोई गंभीर अंदरूनी असामान्यता नहीं पाई गई है।
जर्जर भवन और गले हुए हुक बने हादसे का कारण
ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय की बिल्डिंग करीब 20 साल पुरानी हो चुकी है और इसका रखरखाव ठीक से नहीं किया जा रहा है। बरसात के दिनों में पूरी छत टपकती है। इसी सीलन के कारण छत में पंखे को रोकने के लिए लगा लोहे का हुक पूरी तरह से गल चुका था। हुक के टूटने की वजह से ही यह हादसा हुआ। इस घटना के बाद से स्कूल में पढऩे वाले बच्चों के अभिभावक दहशत में हैं। उन्होंने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जल्द से जल्द नए स्कूल भवन के निर्माण की मांग की है।
इनका कहना है
दोपहर के समय प्रधान अध्यापक तनुजा से उन्हें सूचना मिली कि कार्यालय में पंखा गिरने से शिक्षिका कीर्ति वर्मा घायल हो गई हैं। घायल शिक्षिका को स्कूल स्टाफ द्वारा तुरंत अस्पताल ले जाया गया। अधिकारी ने स्वयं अस्पताल पहुँचकर डॉक्टरों से बात की और शिक्षिका की जाँच कराई, जिसमें किसी गंभीर चोट या खतरे की पुष्टि नहीं हुई। घटना के बाद शिक्षिका के पति को सूचित किया गया, जो मंडला से अस्पताल पहुँचे। लगभग एक घंटे बाद स्थिति सामान्य होने पर शिक्षिका अपने पति के साथ जबलपुर चली गईं।
मनोज चंदेल, बीआरसी, बीजाडांडी










