गुजरात के वडनगर से वाराणसी तक निकली सेवा संकल्प यात्रा पहुंची मंडला
मंडला में सेवा संकल्प यात्रा के तहत विविध कार्यक्रम आयोजित
- प्रभारी मंत्री, कैबिनेट मंत्री व सांसद ने किया संवाद, सहभोज और स्वच्छता मित्रों का सम्मान
- सेवा-सुशासन और जनभागीदारी का दिया संदेश, जारगी में वीरों को दी श्रद्धांजलि
मंडला महावीर न्यूज 29. गुजरात के वडनगर से वाराणसी तक निकाली जा रही सेवा संकल्प यात्रा ग्रामीण मंडल मंडला अंतर्गत ग्राम पंचायत जारगी पहुंची। मंडला आगमन पर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा यात्रा में शामिल बाइकर्स और यात्रियों का फूल-मालाओं से आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान अमर शहीद शंकर शाह और रघुनाथ शाह की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल, कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उईके, गुजरात के बारडोली सांसद प्रभुभाई वसावा और भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
ग्रामीणों से संवाद करते हुए प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि सेवा संकल्प यात्रा का मुख्य उद्देश्य सेवा, सुशासन और जनभागीदारी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोडऩे का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उईके ने कहा कि सेवा और जनभागीदारी से ही समाज में सकारात्मक बदलाव संभव है। सरकार गरीब, किसान, श्रमिक और जरूरतमंद परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा ने यात्रा को समाज के हर वर्ग को राष्ट्रहित और सेवा के भाव से जोडऩे वाला अनूठा अभियान बताया।

प्रधानमंत्री आवास हितग्राहियों से सीधा संवाद
यात्रा के दौरान प्रतिनिधिमंडल मोहन टोला स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना कॉलोनी पहुंचा, जहां हितग्राहियों से सीधा संवाद किया गया। बारडोली सांसद प्रभुभाई वसावा, प्रभारी मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री ने आवास निर्माण और योजना से जीवन में आए बदलावों की जानकारी ली। हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि पक्का मकान मिलने से उन्हें कच्चे घर की समस्याओं और मौसम की मार से स्थायी राहत मिली है। प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि जरूरतमंदों को पक्की छत देने का कार्य तेज गति से जारी है, वहीं कैबिनेट मंत्री संपतिया उईके ने कहा कि इस योजना ने गरीब परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन का आधार प्रदान किया है।

वीरांगना रानी दुर्गावती को किया नमन
सेवा संकल्प यात्रा के मंडला भ्रमण के दौरान जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं बाइकर्स ने रेवांचल पार्क पहुंचकर वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर सांसद प्रभुभाई वसावा ने कहा कि रानी दुर्गावती का जीवन त्याग, संघर्ष और राष्ट्रनिष्ठा की प्रेरणादायी गाथा है। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी स्वाभिमान और मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उनकी वीरता और बलिदान आज भी पूरे समाज को प्रेरणा देता है।

सरदार पटेल कॉलेज में युवा संवाद
यात्रा के अंतर्गत सरदार पटेल कॉलेज में युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जनप्रतिनिधियों और बाइकर्स ने विद्यार्थियों से संवाद कर शिक्षा, युवा सहभागिता और भविष्य से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की। विद्यार्थियों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित शैक्षणिक योजनाओं की जानकारी दी गई। इसके साथ ही नर्सिंग छात्राओं से विशेष संवाद कर उनकी पढ़ाई, आवश्यकताओं एवं सुविधाओं की जानकारी ली गई। इस दौरान सरदार पटेल विश्वविद्यालय के कुलाधिपति इंजी. दिवाकर सिंह, प्रति कुलाधिपति विरेश्वर सिंह, प्राचार्य आशीष ज्योतिषी, नगर अध्यक्ष रानू राजपूत, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष आशीष ज्योतिषी एवं कार्यक्रम प्रभारी विकास यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे।

श्रमिकों से संवाद के साथ किया पौधरोपण
निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परिसर में श्रमिक संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल, कैबिनेट मंत्री संपतिया उईके एवं सांसद प्रभुभाई वसावा ने श्रमिकों से उनकी दिनचर्या, कार्य परिस्थितियों और शासन की योजनाओं से मिल रहे लाभ पर चर्चा की। अतिथियों ने श्रमिकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि देश-प्रदेश के निर्माण में उनका योगदान अमूल्य है। संवाद के बाद जनप्रतिनिधियों व बाइकर्स ने श्रमिकों के साथ बैठकर सहभोज किया तथा उनका सम्मान किया। इस दौरान परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

स्वच्छता मित्रों का किया सम्मान
नगर पालिका टाउन हॉल में आयोजित स्वच्छता मित्र संवाद कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री संपतिया उईके एवं सांसद प्रभुभाई वसावा ने स्वच्छता मित्रों से चर्चा की। उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वच्छता मित्रों को मंच से सम्मानित किया गया। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि शहर को स्वच्छ और नागरिकों को स्वस्थ रखने में स्वच्छता मित्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। स्वच्छता केवल एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनभागीदारी का दायित्व है। इन समस्त कार्यक्रमों में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष जयदत्त झा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।










