मंडला में अनवरत बारिश से उफान पर मां नर्मदा

मंडला में अनवरत बारिश से उफान पर मां नर्मदा

निचली बस्तियों पर मंडराया बाढ़ का खतरा, प्रशासन अलर्ट

  • नर्मदा के बढ़ते जलस्तर ने बढ़ाई तटीय इलाकों की धड़कनें
  • घाटों पर होमगार्ड और पुलिस बल तैनात, लोगों से सतर्क रहने की अपील

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले और इसके आसपास के जल भराव क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। अनवरत बारिश के चलते जीवनदायिनी मां नर्मदा नदी का जलस्तर अब तेजी से बढ़ गया है। नदी अपने उफान पर है और इसका बहाव तेज हो गया है, जिसके चलते जिला मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों में संभावित बाढ़ का खतरा बना हुआ है। वहीं एक बार फिर छोटा रपटा पुल डूब गया। छोटे पुल से करीब तीन से चार फिट ऊपर पानी तेज बहाव के साथ बह रहा है।

जनकारी अनुसार नर्मदा नदी के जलस्तर में हो रही इस लगातार बढ़ोतरी ने जिला मुख्यालय के किनारे बसी निचली बस्तियों के निवासियों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। नदी का पानी धीरे-धीरे घाटों के ऊपरी हिस्सों तक पहुँचने लगा है। यदि बारिश का यह दौर आगामी कुछ घंटों तक इसी प्रकार जारी रहता है, तो निचली बस्तियों के घरों में बाढ़ का पानी घुसने की पूरी आशंका बनी हुई है। इस संभावित खतरे को देखते हुए तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों में भय का माहौल है।स्थिति की गंभीरता और संभावित प्राकृतिक आपदा को भांपते हुए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है। नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से एहतियाती कदम उठाए हैं। सुरक्षा की दृष्टि से जिले के सभी प्रमुख घाटों, जोखिम भरे क्षेत्रों और निचली बस्तियों में पुलिस बल और होमगार्ड के जवानों की तैनाती कर दी गई है।बताया गया कि प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है और तटीय इलाकों के लोगों को सतर्क किया जा रहा है। अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि वे उफनती नदी के पास न जाएं और सेल्फी लेने या नहाने जैसे जोखिम भरे कार्य बिल्कुल न करें। विशेषकर बच्चों को घाटों से दूर रखने की सख्त हिदायत दी गई है। आपात स्थिति से निपटने के लिए गोताखोरों की टीम और आपदा प्रबंधन इकाई को भी मुस्तैद रखा गया है। प्रशासन हर स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए है।


जिले में अब तक 1281.7 मिमी वर्षा दर्ज

1 जून से अब तक मंडला तहसील में 1276.5 मिमी, नैनपुर में 1110.6 मिमी, बिछिया में 1374 मिमी, निवास में 1324.6 मिमी, घुघरी में 1232.4 मिमी तथा नारायणगंज में 1346.7 मिमी वर्षा दर्ज हुई।
जिले की औसत वर्षा 1281.7 मिमी रही, जो सामान्य औसत वर्षा की तुलना में 96.64 प्रतिशत है। गत वर्ष इसी अवधि तक 1594 मिमी वर्षा के मुकाबले इस वर्ष 1281.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। गत वर्ष की तुलना में 19.6 मि.मी. कमी दर्ज की गई है।


Leave a Comment