सजग ग्रामीणों ने पकड़ी पिकअप, 6 मवेशी कराए मुक्त

सजग ग्रामीणों ने पकड़ी पिकअप, 6 मवेशी कराए मुक्त

  • पशु क्रूरता मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार
  • घुघरी में अवैध मवेशी तस्करी का भंडाफोड़

मंडला महावीर न्यूज 29. थाना क्षेत्र घुघरी की सलवाह चौकी के अंतर्गत ग्राम पंचायत ढेंको में ग्रामीणों की सजगता से अवैध मवेशी तस्करी का भंडाफोड़ हुआ है। बताया गया कि एक पिकअप वाहन में क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंसकर ले जाए जा रहे 6 मवेशियों को ग्रामीणों और समाजसेवकों ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। इसके बाद डायल 112 और स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई, जिसके आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन जब्त कर 3 आरोपियों को हिरासत में लिया है।जानकारी अनुसार क्षेत्र में मवेशियों के संदिग्ध परिवहन को लेकर पुलिस पहले से ही सतर्क थी। घुघरी थाना प्रभारी प्रकाश चंद्र सेन के निर्देशन में पिछले कई दिनों से तस्करों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी और संवेदनशील मार्गों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की सघन चेकिंग जारी थी। इसी निगरानी के बीच ढेंको गांव में ग्रामीणों ने इस संदिग्ध पिकअप को रोका। सूचना पर पहुंची सलवाह चौकी पुलिस ने मवेशियों को सुरक्षित वाहन से बाहर निकाला।पुलिस ने बताया कि हिरासत में लिए गए 3 आरोपियों में से एक नैनपुर के जैलवारा का निवासी है, जबकि दो अन्य मंडला क्षेत्र के रहने वाले हैं। थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस टीम आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि मवेशियों को कहां से लाया गया था और उन्हें कहां ले जाया जा रहा था। मामले में पशु क्रूरता निवारण अधिनियम एवं अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है तथा तस्करी के संभावित नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।


Leave a Comment