मवई में चुनावी सरगर्मी तेज, मवई पंचायत उपचुनाव
मैदान में सरपंच पद के लिए 4 प्रत्याशी
- विकास और सफाई व्यवस्था बनेंगे प्रमुख मुद्दे
- प्रभारी सरपंच सहित चार के बीच कड़ा मुकाबला
मंडला महावीर न्यूज 29. मवई। ग्राम पंचायत मवई में लंबे समय से प्रतीक्षित सरपंच पद के उपचुनाव की तस्वीर अब पूरी तरह साफ हो गई है। नामांकन प्रक्रिया संपन्न होने के बाद कुल चार प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतरे हैं। करीब 8-9 महीने के शेष कार्यकाल के लिए पंचायत को जल्द ही नया निर्वाचित सरपंच मिलने जा रहा है, जिसे लेकर गांव में जनसंपर्क और चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है।
मैदान में चार प्रत्याशी, जनसंपर्क ने पकड़ी रफ्तार
इस उपचुनाव में वर्तमान प्रभारी सरपंच कैलाश धुर्वे, संजय भलावी, शिव साय सपेरा और मनोज आयाम के बीच चतुष्कोणीय मुकाबला तय माना जा रहा है। चुनावी चर्चाओं में संजय भलावी की दावेदारी पर विशेष नजर है। मिलनसार और शांत स्वभाव वाले संजय की पत्नी पूर्व में भारी मतों के अंतर से मवई की सरपंच चुनी गई थीं। ऐसे में परिवार का पुराना राजनीतिक अनुभव और ग्रामीणों से सीधा संपर्क उनके पक्ष में काम कर सकता है। दूसरी ओर, पिछले करीब डेढ़ साल से पंचायत की कमान संभाल रहे वर्तमान प्रभारी सरपंच कैलाश धुर्वे भी अपने समर्थकों के साथ सक्रिय हैं। उनके सामने अपने कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों को लेकर जनता का भरोसा जीतने की बड़ी चुनौती होगी।
सफाई व्यवस्था और कॉम्प्लेक्स निर्माण विवाद बने प्रमुख मुद्दे
इस चुनाव में प्रत्याशियों के व्यक्तिगत प्रभाव के साथ पंचायत की मूलभूत समस्याएं और प्रशासनिक कार्यप्रणाली मुख्य चुनावी मुद्दे बन गए हैं। गांव में साफ-सफाई की बदहाल व्यवस्था, कचरा गाड़ी के अनियमित संचालन और नालियों के निर्माण को लेकर ग्रामीणों में खासी नाराजगी है। इसके अलावा पंचायत क्षेत्र में हुए कॉम्प्लेक्स निर्माण कार्य में अनियमितताओं का मुद्दा भी गरमाया हुआ है। उपसरपंच और पंचों द्वारा इस मामले की शिकायत जिला कलेक्टर की जनसुनवाई में की जा चुकी है, जो फिलहाल प्रशासनिक जांच के अधीन है। सीमित अवधि के इस उपचुनाव में प्रत्याशी घर-घर जाकर मतदाताओं को साधने में जुटे हैं। पंचायत की लचर सफाई व्यवस्था और विचाराधीन शिकायतों के बीच अब मवई की जनता को तय करना है कि वे अगले 8-9 महीनों के लिए गांव के विकास की बागडोर किस प्रत्याशी के हाथों में सौंपते हैं।










