विवाद में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की चाकू मारकर हत्या

विवाद में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की चाकू गोदकर हत्या

  • तिंदनी में खूनी संघर्ष, आरोपी महिला गिरफ्तार
  • अवैध गतिविधियों पर रोक-टोक से नाराज पड़ोसन ने ली बुजुर्ग की जान

मंडला महावीर न्यूज 29.  कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत तिंदनी में पड़ोसियों के बीच मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जहाँ 35 वर्षीय एक महिला ने 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। बुजूर्ग महिला के शव को जिला चिकित्सालय मंडला पीएम के लिए भेजा गया। जहां पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हत्या की आरोपी महिला को पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया है।जानकारी अनुसार ग्राम तिंदनी निवासी मृतिका संकरी यादव 70 वर्ष और उनकी पड़ोस में रहने वाली आरोपी महिला फूलकली यादव 35 वर्ष के बीच पिछले कुछ दिनों से छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि संकरी यादव आरोपी फूलकली की कथित अवैध गतिविधियों पर रोक-टोक करती थीं, जिससे वह काफी नाराज थी। विवाद बढऩे पर आरोपी फूलकली यादव ने संकरी यादव के घर पहुंची और पहले उनके साथ जमकर मारपीट की। इसके बाद तैश में आकर उसने संकरी यादव को जमीन पर पटक दिया और धारदार चाकू से बुजुर्ग महिला पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस हमले में संकरी यादव गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।बताया गया कि घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों के बीच चल रही झपड़ को रोकने का प्रयास किया, लेकिन जब तक लोग कुछ कर पाते उससे पहले आरोपी महिला के चाकू के वार से शंकरी यादव की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने आरोपी महिला फूलकली यादव के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस कर रही जांच 

तिंदनी निवासी मृतिका शंकरी यादव की मौत के बाद ग्राम के लोगों में नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पहले भी आरोपी महिला फूलवती की गतिविधियों को लेकर पहले भी पुलिस से शिकायत की गई थी। ग्रामीणों का कहना है कि इसी बात को लेकर फूलकली उनसे मनमुटाव रखती थी और धमकियां भी देती थी। ग्रामीणों इन आरोपों की भी पुलिस जांच कर रही है।


Leave a Comment