रक्तदान के साथ महिष्मति घाट पर जले 25 हजार दीप
- पीएम मोदी के जन्मदिन पर भाजपा का सेवा संकल्प अभियान शुरू
- जिलाध्यक्ष ने किया रक्तदान
- आशीर्वाद का दीया जलाकर 17 अक्टूबर तक चलेंगे जनसेवा के विविध कार्य
मंडला महावीर न्यूज 29. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा जिले में सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के पहले दिन सेवा, समर्पण और जनसेवा के भाव के साथ जिला अस्पताल में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन हुआ और देर शाम महिष्मति घाट पर 25 हजार दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री के दीर्घायु होने की कामना की गई।
जिला अस्पताल में आयोजित रक्तदान महाभियान में भाजपा के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री संपतिया उईके, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष जयदत्त झा, नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा और महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष भावना साहू समेत कई प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।
शिविर में जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा ने स्वयं रक्तदान कर कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। उन्हें देखकर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भी रक्तदान के लिए अपनी सहभागिता दर्ज कराई। इस मौके पर जिलाध्यक्ष ने कहा कि रक्तदान एक पुनीत कार्य है, जिससे किसी जरूरतमंद का जीवन बचाया जा सकता है। यह अभियान समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और सहयोग पहुंचाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
महिष्मति घाट 25 हजार दीपों से हुआ रोशन
सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार देर शाम मंडला के महिष्मति घाट पर आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान घाट पर 25 हजार दीप प्रज्वलित किए गए, जिससे पूरा घाट रोशनी से जगमगा उठा। इसके साथ ही नगर के अन्य विभिन्न घाटों पर भी भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा दीप जलाकर दीपोत्सव मनाया गया।
17 अक्टूबर तक चलेंगे सेवा कार्य
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा ने बताया कि राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे जिले में सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। इस एक महीने की अवधि में जनभागीदारी और सामाजिक सरोकार के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। इन आयोजनों के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक समाज के हर वर्ग के बीच पहुंचकर सेवा कार्यों में अपनी अहम भूमिका निभाएंगे।









