उज्जैन के रामघाट पर जगमगाए 25 लाख आशीर्वाद के दीये, मिलेगी भूखंड की निःशुल्क रजिस्ट्री

पीएम मोदी के जन्मदिन पर एमपी को ऐतिहासिक सौगात

50 लाख ग्रामीण परिवारों को मिलेगी भूखंड की निःशुल्क रजिस्ट्री

  • उज्जैन के रामघाट पर जगमगाए 25 लाख ‘आशीर्वाद के दीये’
  • सीएम डॉ. मोहन यादव और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने किया ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आगाज

इंदौर/उज्जैन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस और भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर मध्य प्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का भव्य शुभारंभ किया गया। इस विशेष दिन पर राज्य सरकार ने प्रदेशवासियों को बड़ी सौगात देते हुए 50 लाख ग्रामीण परिवारों के लिए निःशुल्क रजिस्ट्री योजना की शुरुआत की, वहीं उज्जैन के रामघाट पर 25 लाख दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री के दीर्घायु होने की कामना की गई। इन आयोजनों में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और राज्यसभा सांसद व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मुख्य रूप से शामिल हुए।

देश का पहला राज्य बना मध्य प्रदेश

इंदौर के गांधी नगर ग्राउंड में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने दीप प्रज्वलित कर “स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना-2026” का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों के पट्टाधारियों को पट्टों के निःशुल्क पंजीयन संबंधी दस्तावेज प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि इस योजना के तहत प्रदेश के 50 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों को उनके भूखंड का मालिकाना हक दिलाते हुए उनकी निःशुल्क रजिस्ट्री कराई जाएगी। इसके साथ ही, गरीबों को उनके भूखंड की निःशुल्क रजिस्ट्री की सुविधा देने वाला मध्य प्रदेश देश का पहला राज्य बन गया है।

रामघाट पर जले 25 लाख दीये

सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को देश सेवा, संकल्प और समर्पण के उत्सव के रूप में मनाया गया। उज्जैन के ऐतिहासिक रामघाट पर “आशीर्वाद का दीया” प्रज्ज्वलन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दीप प्रज्वलित किया। इस दौरान घाट पर एक साथ 25 लाख दीप प्रज्वलित किए गए, जिससे पूरा क्षेत्र रोशनी से जगमगा उठा। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर देश-प्रदेश के हर घर में दीप प्रज्वलित करने का भी आह्वान किया।

विश्वकर्मा जयंती पर मुख्यमंत्री का संदेश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देश एवं प्रदेशवासियों को विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान विश्वकर्मा ने अपनी सृजनशीलता से सृष्टि के निर्माण को सुंदर स्वरूप प्रदान किया। प्रधानमंत्री मोदी को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि आज भारत जिस सामर्थ्य और गौरव के साथ विश्व पटल पर खड़ा है, उसमें प्रधानमंत्री का महत्वपूर्ण योगदान है। अपनी साढ़े बारह वर्षों की यात्रा में उन्होंने भारत की प्रतिभा और शक्ति को हर क्षेत्र में प्रतिष्ठित किया है। मुख्यमंत्री ने भगवान महाकाल और भगवान विश्वकर्मा से प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की प्रार्थना की। साथ ही, सुशासन की प्रतीक देवी अहिल्या की नगरी में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आगमन पर प्रदेश भाजपा की ओर से उनका हार्दिक स्वागत व अभिनंदन किया।


Leave a Comment