दो हजार किलो महुआ लाहन नष्ट, 140 लीटर अवैध कच्ची शराब जब्त
- इमलीगोहान में शराब के अवैध ठिकानों पर दबिश
- 2.21 लाख का माल नष्ट, टीम को देख भागे माफिया
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला आबकारी विभाग ने जिले में अवैध शराब माफियाओं के खिलाफ एक बड़ी और सख्त कार्रवाई को अंजाम दिया है। कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे के निर्देशन और जिला आबकारी अधिकारी सतीश कश्यप के मार्गदर्शन में आबकारी टीम ने मंडला वृत्त के अंतर्गत आने वाले ग्राम इमलीगोहान में नाले के किनारे संचालित हो रहे अवैध शराब निर्माण अड्डों पर अचानक दबिश दी।
जानकारी अनुसार मंडला आबकारी टीम द्वारा छापामार कार्रवाई के दौरान शराब बनाने के अड्डों से लगभग 200 डिब्बों में भरा महुआ लाहन बरामद हुआ। प्रत्येक डिब्बे में करीब 10 किलो के मान से कुल 2000 किलोग्राम महुआ लाहन मौके पर ही नष्ट किया गया। आबकारी टीम ने मौके से 140 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब भी जब्त की है। साथ ही, मदिरा निर्माण में प्रयुक्त होने वाले बर्तनों और अन्य सामग्रियों को घटनास्थल पर ही पूरी तरह से नष्ट कर दिया गया। जब्त की गई अवैध शराब और नष्ट किए गए लाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 21 हजार रुपये आंकी गई है।
आरोपी फरार, मामला किया दर्ज
आबकारी बल को अपनी ओर आता देख मदिरा का अवैध निर्माण कर रहे आरोपी मौके से भागने में सफल रहे। फिलहाल विभाग द्वारा अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत 2 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं और फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
कार्रवाई में ये रहे शामिल
इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक सर्वेश नागवंशी, सचिन मंडलोई, हरे सिंह उइके, भानु पुशाम, प्रधान आरक्षक दुर्जन कुलेश सहित आरक्षक शकुंतला सैयाम, कन्हैया उइके और नेतराम काकोटिया की विशेष भूमिका रही। आबकारी विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि मदिरा का अवैध निर्माण और बिक्री करने वालों के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।










