हाईवे किनारे देर रात नजर आया बाघ

अंजनिया-मेढ़ाताल हाईवे किनारे देर रात नजर आया बाघ

वीडियो वायरल होने से क्षेत्र में दहशत

  • सिकुड़ते रहवास के कारण गांवों का रुख कर रहे वन्यजीव
  • वन विभाग ने की बाघ की पुष्टि, अलर्ट जारी

मंडला महावीर न्यूज 29.  जिले के अंजनिया और मेढ़ाताल के बीच हाईवे पर सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात एक बाघ देखे जाने से इलाके में दहशत का माहौल है। रात करीब 2 बजे बिछिया की ओर जा रहे कार सवार युवकों को अचानक सड़क किनारे बाघ नजर आया। घबराए युवकों ने वाहन के अंदर से ही इसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वन विभाग ने मौके से पैरों के निशान मिलने के बाद बाघ की मूवमेंट की आधिकारिक पुष्टि कर दी है।बताया गया कि कान्हा नेशनल पार्क के बफर जोन से लगे जंगलों में प्राकृतिक वनस्पति हटाकर बड़े पैमाने पर सागौन का रोपण किया जा रहा है। चूंकि सागौन के जंगलों में वन्यजीवों के लिए पर्याप्त और अनुकूल रहवास नहीं होता, इसलिए टेरिटरी की तलाश में बाघ गांवों और क्षेत्रीय वन मंडलों के नजदीक आ रहे हैं।

वन विभाग ने की अपील 

बताय गया कि कुछ दिन पहले भी अंजनिया और मोहगांव प्रोजेक्ट की सीमा से लगे जंगलों में बाघ देखा गया था। बाघ की लगातार बढ़ती गतिविधियों को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग ने ग्रामीणों के लिए सतर्कता निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन ने अपील की है कि लोग रात के समय विशेष सावधानी बरतें और जंगल में अकेले जाने से बचें।


Leave a Comment