यात्री बस की चपेट में आई वृद्धा

बिसौरा में यात्री बस की चपेट में आई 80 वर्षीय वृद्धा

  • हाथ कुचला, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
  • स्पीड ब्रेकर की मांग को लेकर सड़क पर उतरे ग्रामीण, पुलिस ने जब्त की बस

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के निवास थाना क्षेत्र अंतर्गत निवास-शहपुरा मुख्य मार्ग पर स्थित ग्राम बिसौरा में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लापरवाही पूर्वक चलाई जा रही एक यात्री बस की चपेट में आने से 80 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे में बस का पहिया महिला के हाथ के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनका हाथ बुरी तरह कुचल गया है।जानकारी अनुसार 80 वर्षीय जानकी बाई तिवारी निवास जाने के लिए बस में चढ़ रही थीं। वह पूरी तरह से चढ़ भी नहीं पाई थीं कि इसी दौरान बस चालक ने लापरवाही बरतते हुए बस आगे बढ़ा दी। इसी दौरान असंतुलित होकर जानकी बाई नीचे गिर गईं और बस का पहिया उनके हाथ पर चढ़ गया। उन्हें तत्काल निवास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।

आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम 

घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थानों पर जल्द से जल्द स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की है। चक्काजाम की सूचना मिलते ही निवास थाना प्रभारी धर्मेंद्र धुर्वे और नायब तहसीलदार दिनेश वरकड़े पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों से चर्चा की और उनकी मांगों पर त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। अधिकारियों के ठोस आश्वासन के बाद करीब ढाई घंटे से चल रहा चक्काजाम समाप्त हुआ और मार्ग पर यातायात दोबारा सुचारू हो सका। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यात्री बस को जब्त कर लिया है और हादसे की जांच कर रही है।


Leave a Comment