पंडालों में रात्रि सुरक्षा के लिए रुकेंगे दो वॉलंटियर

महाराजपुर थाने में गणेश उत्सव को लेकर शांति समिति की बैठक संपन्न

सुरक्षा व्यवस्था पर हुआ मंथन

  • पंडालों में रात्रि सुरक्षा के लिए रुकेंगे दो वॉलंटियर
  • ध्वनि विस्तारक यंत्रों को लेकर पुलिस ने दिए सख्त निर्देश

मंडला महावीर न्यूज 29. आगामी गणेश उत्सव एवं मूर्ति विसर्जन पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को थाना महाराजपुर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में महाराजपुर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों सहित विभिन्न गणेश उत्सव समितियों के अध्यक्ष और सदस्य मुख्य रूप से उपस्थित रहे।बैठक के दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा सभी समितियों को सुरक्षा और व्यवस्थापन संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पंडालों में दुर्घटनाओं से बचाव के लिए सुरक्षित विद्युत व्यवस्था करने और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर यातायात सुचारू रखने पर विशेष जोर दिया गया। रात्रि सुरक्षा के मद्देनजर सख्त निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक पंडाल में रात के समय समिति के कम से कम दो वॉलंटियर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें।इसके साथ ही, पर्व के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्रों (डीजे और लाउडस्पीकर) के उपयोग में निर्धारित साउंड लिमिट और समय सीमा का सख्ती से पालन करने की समझाइश दी गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी किए गए सभी निर्देशों से उपस्थित जनों को अवगत कराया गया और उनका शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करते हुए सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की गई।


Leave a Comment