ऑटो पलटा, 15 स्कूली बच्चे घायल, 10 रैफर

ओवरलोड ऑटो पलटा, 15 स्कूली बच्चे घायल, 10 गंभीर घायल रैफर

क्षमता से अधिक बच्चे थे ऑटो में सवार

  • स्कूली बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़
  • हादसे के बाद मची चीख-पुकार
  • ग्रामीण और पुलिस ने पहुंचा अस्पताल

मंडला महावीर न्यूज 29.  शनिवार शाम घुघरी से खजरी-जुनवानी मार्ग पर स्कूली बच्चों को उनके घर छोडऩे जा रहा एक ओवरलोड ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर बनेहरी के पास पलट गया। इस दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 15 स्कूली बच्चे घायल हो गए। हादसे के वक्त ऑटो में क्षमता से कहीं अधिक बच्चे सवार थे। दुर्घटना होते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तत्काल मदद के लिए दौड़ पड़े।जानकारी अनुसार इस ऑटो में घुघरी स्थित क्राइस्ट ज्योति विद्यालय, मॉडल स्कूल और संदीपनी विद्यालय में अध्ययनरत बच्चे सवार थे। शनिवार को स्कूल की छुट्टी होने के बाद सभी बच्चे एक ही ऑटो में सवार होकर अपने-अपने घर ग्राम जुनवानी, पौंडी लौट रहे थे। इसी दौरान बनेहरी के समीप यह हादसा हुआ। ग्रामीणों की सूचना पर घुघरी पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायल बच्चों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघरी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की टीम ने त्वरित उपचार शुरू किया। घटना की जानकारी मिलते ही बदहवास परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।

सवारी वाहनों में हो रही सुरक्षा मानकों की अनदेखी 

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे का मुख्य कारण ऑटो में क्षमता से अधिक बच्चों का होना था। एक छोटे से ऑटो में 15 बच्चों को ठूंस-ठूंस कर भरा गया था, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि ऑटो चालक शराब के नशे में धुत था। हालांकि पुलिस का कहना है कि चालक के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। इस घटना ने एक बार फिर स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों में सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी और यातायात नियमों के उल्लंघन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

गंभीर रूप से घायल 10 छात्र मंडला रेफर 

इस दुर्घटना में 5 वर्ष से लेकर 17 वर्ष तक की उम्र के बच्चे शिकार हुए हैं। हादसे में कुल 15 घायल बच्चों में से 10 की स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है। गंभीर रूप से घायल बच्चों में खेमचंद्र (17), रक्षक उद्दे (14), निलेश रमादीन मरावी (7) और प्रमोद कृष्ण (13) समेत अन्य 6 बच्चे शामिल है। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने इन चारों बच्चों को बेहतर उपचार के लिए घुघरी सीएचसी से जिला चिकित्सालय मंडला के लिए रेफर कर दिया है।

पुलिस ने किया मामला दर्ज 

घुघरी पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के वास्तविक कारणों की सूक्ष्मता से जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि स्कूल प्रबंधन और वाहन चालकों के बीच बच्चों की सुरक्षा को लेकर कोई अनुबंध या नियम तय थे या नहीं। फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता घायल बच्चों का समुचित इलाज सुनिश्चित करना है।

15 बच्चें हुए हादसे में घायल 

ऑटो में सवार 15 स्कूली बच्चें सवार थे। हादसे में घायल बच्चों में खेमचंद धुर्वे पिता प्रेमसिंह धुर्वे 17 वर्ष निवासी धनगांव, पिंकी तेकाम पिता जगदीश तेकाम, उम्र 17 वर्ष निवासी सिलघिटी, साहिल मरावी पिता चमर सिंह मरावी, 8 वर्ष निवासी जुनवानी, प्रमोद कृष्ण मरावी पिता संपत लाल मरावी, 13 वर्ष, निवासी पौंडी, अमन पुषाम पिता ब्रज पुषाम, 8 वर्ष निवासी जुनवानी, नंदनी कुलस्ते पिता धन्नू लाल कुलस्ते, 9 वर्ष निवासी जुनवानी, मोनिका मार्को पिता भागवत मार्को, 9 वर्ष, निवासी जुनवानी, भूमिका मार्को पिता भागवत मार्को 7 वर्ष निवासी जुनवानी, पवन प्रकाश मरावी पिता सम्पत मरावी 10 वर्ष निवासी पौंडी, रिसविक मलगाम पिता दिलीप मलगाम 8 वर्ष निवासी जुनवानी, संतोष उइके पिता अशोक उइके 12 वर्ष निवासी पौंडी, संजू यादव पिता तेज लाल यादव 17 वर्ष निवासी जुनवानी, दिशा पूषाम पिता बृज पूषाम 13 वर्ष निवासी जुनवानी, निलेश रमादीन मरावी पिता सम्पत लाल मरावी 7 वर्ष निवासी पौंडी, रक्षक उद्दे पिता जगदीश कुमार उद्दे 14 वर्ष निवासी जुुनवानी घायल हुए है। सभी बच्चों का उपचार चल रहा है।


रिपोर्टर- दुर्गेश प्रजापति घुघरी ✍️


 

Leave a Comment