ब्रेन चाइल्ड एकेडमी के विद्यार्थियों ने करीब से समझी न्यायिक प्रक्रिया
राष्ट्रीय लोक अदालत में किया शैक्षणिक भ्रमण
- न्याय और संवाद का महत्व समझने लोक अदालत पहुंचे स्कूली छात्र
- शांतिपूर्ण विवाद समाधान के सीखे गुर
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला न्यायालय मंडला में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत के उद्घाटन समारोह में ब्रेन चाइल्ड एकेडमी के कला संकाय के विद्यार्थियों ने विशेष शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान छात्रों को न्यायिक प्रक्रिया और अदालत की कार्यप्रणाली को बेहद करीब से देखने और समझने का अवसर मिला। जिले में स्कूली विद्यार्थियों के लिए इस तरह की यह पहली गतिविधि थी।
इस भ्रमण की थीम न्याय को समझना, संवाद को अपनाना और जिम्मेदार नागरिक बनना रखी गई थी। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने जाना कि वास्तविक जीवन में कानूनी और नागरिक संस्थाएं किस तरह काम करती हैं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को न्याय व्यवस्था से परिचित कराने के साथ ही उन्हें यह समझाना था कि आपसी संवाद, सहयोग और समझौते के माध्यम से विवादों का शांतिपूर्ण समाधान कैसे किया जाता है। छात्रों ने इस अनुभव को बेहद ज्ञानवर्धक बताया।
इस शैक्षणिक भ्रमण के सफल आयोजन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मंडला के सचिव तपन धारगा की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनके सहयोग से विद्यार्थियों को यह सार्थक अवसर मिला। कार्यक्रम में ब्रेन चाइल्ड एकेडमी के निर्देशक निशांत शुक्ला और शिक्षिका अर्चना पाठक, वंशिका श्रीवास्तव व शिखा पमनानी का भी सराहनीय सहयोग रहा।











