कान्हा प्रबंधन ने शहीद लखन सिंह के परिजनों को दी 1.15 लाख की सहायता राशि, लिया वन रक्षा का संकल्प
- कान्हा टाइगर रिजर्व में मनाया राष्ट्रीय वन शहीद दिवस
- वन्यजीव संरक्षण में प्राण न्योछावर करने वाले 7 सपूतों को दी श्रद्धांजलि
मंडला महावीर न्यूज 29. कान्हा टाइगर रिजर्व कार्यालय परिसर में 11 सितम्बर को राष्ट्रीय वन शहीद दिवस पूरे सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर वन और वन्यजीवों की सुरक्षा व संरक्षण में अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वन शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने वन शहीदों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उनके अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा को स्मरण किया।
कान्हा के 7 और प्रदेश के 62 शहीदों को किया याद
कार्यक्रम में बताया गया कि कान्हा टाइगर रिजर्व में अब तक 7 वनकर्मियों ने विभागीय कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी है। इनमें वनरक्षक स्वर्गीय भगवान प्रसाद पटेल, चंदन लाल बाकट, रविभान सिंह ठाकुर, अग्नि सुरक्षा श्रमिक स्वर्गीय लखन सिंह मरावी, स्थायीकर्मी पोथीराम यादव, समरत सिंह मरावी और आकस्मिक सुरक्षा श्रमिक सुखदेव सिंह परते शामिल हैं। साथ ही मध्य प्रदेश में वन एवं वन्यजीव संरक्षण के दौरान बलिदान देने वाले कुल 62 वन शहीदों के त्याग को भी नमन किया गया।
शहीद परिवार को 1.15 लाख रुपये की आर्थिक सहायता
वन शहीदों के परिवारों के प्रति संवेदनशीलता और सम्मान व्यक्त करते हुए कान्हा परिवार की ओर से स्वर्गीय लखन सिंह मरावी के आश्रित परिवार को एक लाख पंद्रह हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इसके साथ ही भोपाल मुख्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भी स्वर्गीय लखन सिंह मरावी के परिजनों को विशेष रूप से आमंत्रित कर सम्मानित किया गया और अनुग्रह राशि सौंपी गई।
अधिकारियों ने लिया संकल्प
कार्यक्रम में उप संचालक प्रकाश कुमार वर्मा, सहायक संचालक सिझौरा आशीष कुमार पाण्डेय, सहायक संचालक, फेन वीरेन्द्र कुमार जामोर समेत रिजर्व के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में उपस्थित सभी लोगों ने वन शहीदों की स्मृति को अक्षुण्ण रखते हुए प्रकृति, वन और वन्यजीवों की सुरक्षा एवं संवर्धन के लिए पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।










