नर्मदा किनारे अवैध शराब के अड्डों पर छापा, 1600 किलो महुआ लाहन नष्ट

नर्मदा किनारे अवैध शराब के अड्डों पर छापा, 1600 किलो महुआ लाहन नष्ट

  • रामनगर में नर्मदा कछार पर दबिश, 1.76 लाख रुपये की अवैध शराब व सामग्री जब्त
  • मंडला आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, आरोपी मौके से फरार

मंडला महावीर न्यूज 29. कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे के निर्देशन में मंडला आबकारी विभाग ने अवैध शराब निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई की है। शुक्रवार को जिला आबकारी अधिकारी और प्रभारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी शैली सैयाम के मार्गदर्शन में मंडला वृत्त की टीम ने रामनगर में नर्मदा नदी के कछार क्षेत्र में दबिश दी। यहाँ अवैध रूप से संचालित शराब के अड्डों को ध्वस्त करते हुए भारी मात्रा में महुआ लाहन व कच्ची शराब जब्त की गई।जानकारी अनुसार छापेमारी के दौरान टीम ने मदिरा निर्माण के लिए रखे गए 160 डिब्बे महुआ लाहन बरामद किए। प्रत्येक डिब्बे में लगभग 10 किलो लाहन भरा हुआ था। टीम ने कुल 1600 किलोग्राम महुआ लाहन और शराब बनाने में उपयोग किए जा रहे बर्तनों को घटनास्थल पर ही नष्ट कर दिया। इसके साथ ही मौके से 110 लीटर हाथ भट्टी कच्ची शराब भी जब्त की गई है। आबकारी विभाग ने बताया कि जब्त की गई मदिरा और नष्ट किए गए लाहन की कुल अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 76 हजार 500 रुपये आंकी गई है।

आरोपी फरार, तीन प्रकरण दर्ज 

कार्रवाई के दौरान आबकारी बल को देखकर अवैध शराब का निर्माण कर रहे व्यक्ति मौके से भागने में सफल रहे, जिनकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है। विभाग ने इस मामले में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध कुल तीन प्रकरण पंजीबद्ध किए हैं। इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक सर्वेश नागवंशी, हरे सिंह उइके, भानु पुशाम, दुर्जन कुलेश, प्रधान आरक्षक विजय कमलेश, शकुंतला सैयाम, कन्हैया उइके और नेतराम काकोटिया की सक्रिय भूमिका रही। विभाग ने चेतावनी दी है कि जिले में अवैध मदिरा निर्माण और विक्रय करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।


Leave a Comment