बदहाल सिंगारपुर मार्ग पर फंसा बांस से भरा ट्रक

बदहाल सिंगारपुर मार्ग पर फंसा बांस से भरा ट्रक

  • घंटों लगा रहा जाम, सैकड़ों मजदूरों का काम प्रभावित
  • पहुंच मार्ग दे रहा हादसों को न्योता, वीआईपी मूवमेंट के बावजूद प्रशासन बेखबर

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के विकासखंड मोहगांव के अंतर्गत आने वाले लोहान कृषि फार्म-सिंगारपुर पहुंच मार्ग की बदहाली का खामियाजा गुरुवार को आमजनों और मजदूरों को एक बार फिर भुगतना पड़ा। बालाघाट से लोहान कृषि फार्म के लिए बांस लेकर आ रहा एक ट्रक कीचड़ और गड्ढों से भरे इस जर्जर मार्ग पर बुरी तरह फंस गया। इसके चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और घंटों तक मुख्य मार्ग जाम रहा। गनीमत यह रही कि इस घटना में ट्रक ड्राइवर बाल-बाल बच गया, अन्यथा यहां एक बड़ा हादसा हो सकता था।जाम के कारण इस मार्ग से अपने काम पर जा रहे लगभग 300 से 400 मजदूरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। रास्ता बंद होने के चलते कई मजदूरों को मजबूरन घर वापस लौटना पड़ा, जबकि कुछ मजदूरों को काम के लिए दूसरे कृषि फार्म में शिफ्ट किया गया। इस बदहाल रास्ते के कारण वाहन चालकों के साथ गरीब मजदूर रोजाना जान जोखिम में डालकर मजदूरी के लिए सफर करने को मजबूर हैं। गहरे गड्ढों और बारिश के कीचड़ की वजह से यहां आए दिन दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है।

अधिकारियों और मंत्रियों के दौरे, फिर भी सड़क की अनदेखी 

स्थानीय लोगों का कहना है कि 200 एकड़ में फैले इस प्रसिद्ध लोहान कृषि फार्म में अक्सर मंत्रियों से लेकर बड़े अधिकारियों का आना-जाना लगा रहता है, इसके बावजूद इस महत्वपूर्ण मार्ग की सुध लेने वाला कोई नहीं है। शासन-प्रशासन की इस घोर अनदेखी से ग्रामीणों में भारी आक्रोश पनप रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत और सुधार का कार्य नहीं किया गया, तो भविष्य में यहां कोई बड़ी जनहानि या दुर्घटना हो सकती है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और स्थानीय प्रशासन की होगी।


Leave a Comment