वन-वे मार्ग पर खड़ी आयशर को यात्री बस ने पीछे से मारी टक्कर
वाहन पलटने से चालक, परिचालक घायल
- एनएच 30 में कुम्हा और चीरी के पास हुआ हादसा
- बस की टक्कर से लोहे की खिड़की से लदा आयशर पलटा
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जबलपुर नेशनल हाईवे 30 मार्ग पर टिकरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुम्हा घाट और चीरी के पास दो वाहनों की जोरदार टक्कर हो गई। बताया गया कि मंडला से जबलपुर जा रही एक यात्री बस ने सड़क किनारे खड़े एलपीटी (आयशर) वाहन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आयशर वाहन पलट गया। इस दुर्घटना में आयशर के चालक-परिचालक घायल हो गए हैं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर नारायणगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, वहीं पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है।

सामने से आ रहे वाहन को साइड देने के लिए रुका था आयशर
जानकारी अनुसार कुम्हा घाट और चीरी घाट के बीच पहाड़ों से पत्थर और मलबा गिरने के कारण इस हाईवे मार्ग को वन-वे किया गया है। एलपीटी (आयशर) वाहन क्रमांक डीएल सीएक्स 8564 रायपुर से लोहे की खिड़कियां लेकर नारायणगंज आ रहा था। जबलपुर की तरफ से आ रहे एक वाहन को साइड देने के लिए आयशर चालक ने अपना वाहन सड़क किनारे रोक लिया था। इसी दौरान मंडला से जबलपुर की तरफ जा रही यात्री बस क्रमांक एमपी 51 जेडबी 5568 ने खड़ी आयशर को पीछे से टक्कर मार दी।
हादसे के बाद लगा जाम, घायलों का उपचार जारी
वाहन पलटने के कारण मार्ग पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई थी। इस हादसे में आयशर चालक राजेन्द्र दहयाक पिता धरम दास, 23 वर्ष, निवासी गोसलपुर धरमपुरा, जबलपुर के सिर और हाथ में चोट आई है। वहीं परिचालक अरूण ठाकुर पिता गोपाल सिंह, 20 वर्ष, निवासी आमखोह कुंडम रोड, जबलपुर के पैर में चोट लगी है। दोनों घायलों का उपचार नारायणगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में चल रहा है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।










