पेंचवेली ट्रेन के संचालन के लिए रेल्वे संघर्ष समिति ने भरी हुंकार
- 14 सितम्बर गणेश चतुर्थी से ट्रेन शुरू करने की मांग
- गोंड समाज के मुखिया से हरी झंडी दिखाकर पेंचवेली ट्रेन का उद्घाटन कराने की उठी मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. पेंचवेली ट्रेन का संचालन शीघ्र प्रारंभ करने के लिए रेल्वे संघर्ष समिति ने अपनी मांगें तेज कर दी हैं। समिति के सदस्य अखिलेश सोनी ने क्षेत्र के आम नागरिकों, समिति के सभी सदस्यों और सक्रिय साथियों से विशेष आग्रह किया है कि इस मुद्दे को एक मजबूत जनआंदोलन का रूप दिया जाए। समिति ने 14 सितम्बर, गणेश चतुर्थी के शुभ अवसर से पेंचवेली ट्रेन का नियमित संचालन शुरू कराने का लक्ष्य रखा है।
सांसद और रेल प्रबंधक को सौंपेंगे ज्ञापन
अखिलेश सोनी ने बताया कि इस संबंध में जल्द ही एक विशेष बैठक आयोजित कर आगे की रणनीति तय की जाएगी। एक प्रतिनिधिमंडल का गठन किया जाएगा, जो माननीय रेल प्रबंधक, क्षेत्रीय सांसद और प्रदेश मंत्री से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करेगा। प्रतिनिधिमंडल द्वारा अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को सामूहिक हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपकर पेंचवेली ट्रेन के संचालन से होने वाले सामाजिक व आर्थिक लाभों और यात्रियों की समस्याओं से अवगत कराया जाएगा, ताकि उद्घाटन प्रक्रिया में हो रहे अनावश्यक विलंब को रोका जा सके।
गोंड समाज के मुखिया के हाथों हो उद्घाटन
समिति ने प्रशासन के सामने एक विशेष और भावनात्मक मांग भी रखी है। समिति का प्रस्ताव है कि पेंचवेली ट्रेन का उद्घाटन क्षेत्र की आदिवासी संस्कृति, अस्मिता और गौरव से जोड़ते हुए किया जाए। इसके लिए जंगलों और बीहड़ क्षेत्रों में निवास करने वाले गोंड आदिवासी समाज के किसी सम्मानित मुखिया या प्रतिनिधि के हाथों ट्रेन को हरी झंडी दिखाई जाए। समिति का कहना है कि यह कदम विकास की यात्रा में आदिवासी समाज की भागीदारी सुनिश्चित करेगा और पूरे क्षेत्र के लिए सम्मान का विषय बनेगा। अखिलेश सोनी ने सभी क्षेत्रवासियों से एकजुट होकर इस जनहित के मुद्दे में सक्रिय सहयोग प्रदान करने की अपील की है, जिससे गणेश चतुर्थी के अवसर पर इस ट्रेन का सफलतापूर्वक संचालन शुरू हो सके।










