फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण की गूंज, दिया स्वस्थ भारत का संदेश
- खेल विभाग की साइकिल रैली में उमड़ा युवाओं और खिलाडिय़ों का भारी उत्साह
- मेजर ध्यानचंद की जयंती पर मंडला में संडे ऑन साइकिल रैली का शानदार आयोजन
मंडला महावीर न्यूज 29. हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में रविवार को मंडला में संडे ऑन साइकिल रैली का सफल आयोजन किया गया। खेल विभाग, मध्यप्रदेश और जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मंडला के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस रैली का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों में स्वास्थ्य, फिटनेस और पर्यावरण के प्रति जागरूकता लाना था।
रैली का शुभारंभ सुबह 8 बजे स्थानीय पं. दीनदयाल उपाध्याय इंडोर स्टेडियम से हुआ। इस आयोजन में मंडला साइकिल गु्रप के सदस्यों, विभिन्न खेलों के खिलाडिय़ों और बच्चों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ हिस्सा लिया। सभी प्रतिभागियों ने एक साथ साइकिल चलाते हुए शहर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण किया और सफलतापूर्वक अपने गंतव्य तक पहुंचे।
जागरूकता के नारों से दिया संदेश
यह साइकिल रैली मुख्य रूप से स्वस्थ शरीर, स्वच्छ पर्यावरण, सशक्त भारत के संकल्प पर आधारित थी। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने खेलो साइकिल चलाएं, स्वस्थ जीवन अपनाएं और स्वस्थ रहें, सशक्त बनें – साइकिल चलाएं, पर्यावरण बचाएं जैसे प्रेरक संदेशों के माध्यम से लोगों को अपनी दिनचर्या में साइकिल को शामिल करने के लिए प्रेरित किया। आयोजक जिला खेल और युवा कल्याण विभाग, मंडला के इस प्रयास ने स्थानीय लोगों को स्वस्थ और फिट भारत का संकल्प लेने के लिए एक बेहतरीन मंच प्रदान किया। मेजर ध्यानचंद को समर्पित यह आयोजन खेलेगा भारत, जीतेगा भारत के विजऩ को साकार करते हुए सभी के लिए एक बड़ी प्रेरणा बना।









