घुघरी का नवनिर्मित उप स्वास्थ्य केंद्र भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा
उद्घाटन से पहले ही बाउंड्री वॉल और भवन में आई दरारें
- ठेकेदार और अधिकारियों की मिलीभगत
- खामियां छिपाने जर्जर भवन पर पोता रंग
- अधूरे काम के बीच आनन-फानन में चालू हुआ घुघरी स्वास्थ्य केंद्र
मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड नारायणगंज के बवलिया के समीप ग्राम घुघरी में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से स्वीकृत नवीन उप स्वास्थ्य केंद्र भवन भ्रष्टाचार और लापरवाही की भेंट चढ़ता नजर आ रहा है। वर्ष 2023-24 में स्वीकृत इस भवन के निर्माण पूर्ण होने की समयावधि 2026 बताई जा रही है, लेकिन निर्माण पूरा होने से पहले ही भवन जर्जर स्थिति में पहुंच गया है। स्वास्थ्य विभाग और ठेकेदार की कथित मिलीभगत के चलते इस भवन को अधूरे और क्षतिग्रस्त हालात में ही चालू कर दिया गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि नवनिर्मित भवन की बाउंड्री वॉल में अभी से गहरी दरारें आ चुकी हैं, जिससे कभी भी वह धराशायी हो सकती है और बड़ी दुर्घटना घट सकती है। इसके अलावा भवन के ठीक पास एक महुआ का पेड़ है, जो कभी भी भवन पर गिर सकता है। आरोप है कि ठेकेदार द्वारा गुणवत्ताहीन निर्माण किया गया है। दीवारों में आई दरारों को छिपाने के लिए ऊपर से रंग-रोगन कर दिया गया है, जबकि अंदर से निर्माण पूरी तरह खोखला बताया जा रहा है।
अधूरे भवन में शुरू हुआ कामकाज
ग्रामीणों ने बीएमओ और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों पर ठेकेदार को संरक्षण देने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इस जर्जर और गुणवत्ताहीन भवन को विभाग द्वारा बिना उचित जांच के अपने अधीन ले लिया गया। वहीं स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत कर्मचारियों ने भी बताया है कि भवन का बहुत सारा काम अभी अपूर्ण है, लेकिन उच्च अधिकारियों के दबाव और निर्देश पर इसे आनन-फानन में चालू कर दिया गया है।
जिला प्रशासन से कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि जर्जर भवन और दरार वाली बाउंड्री वॉल के कारण यहां आने वाले मरीजों और ड्यूटी कर रहे कर्मचारियों की जान हमेशा जोखिम में रहेगी। स्थानीय जनों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए गुणवत्ताहीन निर्माण की जांच कराई जाए और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों व ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।










