कुर्मी समाज विकास संगठन की बहनों ने मंडला जेल में बंदियों को बांधी राखी
कैदियों ने लिया अपराध मुक्त जीवन का संकल्प
- रक्षाबंधन पर ग्राम टिकरवारा में हुई स्वजातीय बैठक
- जयंत पटेल बने कुर्मी समाज के नए ग्राम अध्यक्ष
मंडला महावीर न्यूज 29. कुर्मी समाज विकास संगठन, जिला मंडला की महिलाओं ने रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यालय स्थित जिला जेल पहुंचकर निरुद्ध जनों (कैदियों) के साथ पर्व मनाया। जेल प्रशासन के मार्गदर्शन में आयोजित इस आत्मीय कार्यक्रम में संगठन की बहनों ने अपने हाथों से बनी राखियां कैदियों की कलाई पर बांधी। समाज के लोगों को अपने बीच पाकर कई बंदियों की आंखें छलक आईं। उन्होंने बहनों को वचन दिया कि रिहाई के बाद समाज की मुख्यधारा में लौटकर वे किसी भी प्रकार के अपराध से पूरी तरह दूर रहेंगे।
पदाधिकारियों ने दिया मार्गदर्शन
कार्यक्रम में संगठन के नगर अध्यक्ष नेकेश्वर पटेल, समर्पण महिला विकास केंद्र की संचालिका श्रीमती प्रीति कृष्ण कुमार पटेल, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष श्रीमती संजू लता सिंगौर, जिला अध्यक्ष एडवोकेट सी.बी. पटेल और शिक्षक प्रिय दर्शन पटेल ने बंदियों को संबोधित किया। उन्होंने सभी को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। संगठन ने जेल में दी जा रही बेहतर सुविधाओं के लिए जेल प्रशासन का आभार माना और भविष्य में बंदियों के सुधार के लिए विभिन्न रचनात्मक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की रूपरेखा भी रखी।
टिकरवारा में जयंत पटेल को मिली नई जिम्मेदारी
रक्षाबंधन के ही दिन ग्राम टिकरवारा में जिला अध्यक्ष एडवोकेट सी.बी. पटेल की उपस्थिति में स्वजातीय भाई-बहनों की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इस दौरान गांव के ऊर्जावान युवा श्री जयंत पटेल को सर्वसम्मति से ग्राम अध्यक्ष मनोनीत किया गया। संगठन की ओर से उन्हें एक सप्ताह के भीतर अपनी ग्राम कार्यकारिणी का गठन कर जिला इकाई को सूचित करने का दायित्व सौंपा गया है। जयंत पटेल की इस नियुक्ति पर ग्रामीणों, युवाओं और संगठन के पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई देते हुए विश्वास जताया है कि उनके अनुभव और नेतृत्व से समाज को एक नई और सकारात्मक दिशा मिलेगी।









