कैदी भाइयों की कलाई पर बहनों ने बांधा रक्षासूत्र, आंखों से छलके आंसू

जिला जेल मंडला में भावुक माहौल के बीच मनाया रक्षाबंधन का पर्व

कैदी भाइयों की कलाई पर बहनों ने बांधा रक्षासूत्र, आंखों से छलके आंसू

मंडला महावीर न्यूज 29. शुक्रवार को रक्षाबंधन के अवसर पर जिला जेल मंडला में भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का एक भावुक और अनोखा दृश्य देखने को मिला। जेल की चारदीवारी के पीछे बंद कैदी भाइयों से मिलने और उनकी कलाई पर रक्षासूत्र बांधने के लिए बड़ी संख्या में बहनें जिला जेल परिसर पहुंचीं।जेल प्रशासन द्वारा रक्षाबंधन पर्व को लेकर विशेष इंतजाम किए गए थे। बहनों के आगमन पर सबसे पहले मुख्य द्वार पर पहचान पत्र आधार कार्ड और नाम दर्ज कर पंजीयन किया गया। इसके बाद लाउडस्पीकर से अनाउंसमेंट के माध्यम से क्रमबद्ध तरीके से बहनों को अंदर प्रवेश दिया गया, जिससे मुलाकात और रक्षाबंधन की प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

बहनों ने भाईयों की कलाई बांधी राखी 

जेल परिसर के अंदर जैसे ही बहनों ने अपने बंद भाइयों की कलाई पर राखी बांधी, माहौल बेहद भावुक हो गया और कई बहनों व भाइयों की आंखों से आंसू छलक पड़े। बहनों ने अपने भाइयों की लंबी उम्र और सलामती की दुआ की, वहीं उन्हें पुरानी गलतियों से सबक लेकर जीवन में एक नई और सकारात्मक शुरुआत करने की सीख भी दी। जेल परिसर में भाइयों और बहनों के बीच काफी उत्साह और आत्मीयता का माहौल देखा गया।


Leave a Comment