हर्षोल्लास के साथ मनाई ईद मिलाद-उन-नबी, लगा निशुल्क स्वास्थ्य शिविर

हर्षोल्लास के साथ मनाई गई ईद मिलाद-उन-नबी

उदयपुर में निकला भव्य जुलूस-ए-मोहम्मदी

  • पैगंबर मोहम्मद साहब के यौम-ए-पैदाइश पर इंसानियत फाउंडेशन की अनूठी पहल
  • जश्न के साथ लगा निशुल्क स्वास्थ्य शिविर

मंडला महावीर न्यूज 29. इस्लाम धर्म के संस्थापक पैगंबर हजरत मोहम्मद का जन्म दिवस ईद मिलाद-उन-नबी बीजाडांडी के ग्राम उदयपुर में पूरी अकीदत और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस्लामी कैलेंडर के तीसरे महीने रबी-उल-अव्वल की 12 तारीख को मनाए जाने वाले इस मुकद्दस पर्व को मुस्लिम समाज में विशेष महत्व दिया जाता है। इस अवसर पर पैगंबर साहब की शिक्षाओं और उनके बताए रास्तों पर चलने का संदेश दिया गया।इस मुबारक मौके पर उदयपुर ग्राम में अंजुमन कमेटी के तत्वावधान में भव्य जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। जुलूस की सरपरस्ती आला मस्जिद के सदर इकबाल अहमद ने की, जबकि अगुवाई मस्जिद के इमाम आबिद रजा ने की। यह जुलूस गांव के सभी मुख्य मार्गों से होकर गुजरा, जिसमें समाज के सभी वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इस दौरान अंजुमन कमेटी और इंसानियत फाउंडेशन द्वारा अकीदतमंदों को फल, मिठाई और लंगर का वितरण किया गया।

रात में हुई तकरीर, दिया गया इंसानियत का पैगाम 

जश्न के तहत रात में एक विशेष जलसे का भी आयोजन किया गया। इसमें मौलाना अब्दुल्ला सिद्दीकी ने अपने संबोधन से लोगों को पैगंबर साहब की सुन्नतों और उनके जीवन दर्शन से रूबरू कराया और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।

स्वास्थ्य शिविर का आयोजन 

त्योहार की खुशियों के बीच समाज सेवा की बेहतरीन मिसाल पेश करते हुए इंसानियत फाउंडेशन की ओर से एक नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन भी किया गया। इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपने स्वास्थ्य का परीक्षण कराया।

इनकी रही उपस्थिति 

इस पूरे आयोजन में मुस्लिम समाज के साथ ग्राम के अन्य गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से सरपंच बलदेव परते, उप सरपंच जगदीश यादव, अमित मिश्रा, अब्दुल गनी, मौलाना अब्दुल कदीर, शेख शब्बीर, मो. ताहिर, शेख गुलाम, शेख रमजान, मो. सलाम, मो. नौशाद, हैदर सिद्दीकी, शहीद शाह, बाबू सलाम, मो. साबिर, इमरान मंसूरी, सलमान मंसूरी, अकरम मंसूरी, उस्मान मंसूरी, सोहिल मंसूरी, आरिफ खान और आरिफ मंसूरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


 

Leave a Comment