चलती बस में यात्री की अचानक बिगड़ी तबीयत
सफर के दौरान ही तोड़ा दम
- डिंडोरी-मंडला मार्ग पर दुखद घटना
- बस में यात्री की मौत से मची अफरा-तफरी, परिजनों को दी सूचना
मंडला महावीर न्यूज 29. डिंडोरी-मंडला मार्ग पर संचालित एक यात्री बस में बुधवार दोपहर सफर के दौरान एक यात्री की अचानक मौत हो जाने का दुखद मामला सामने आया है। घटना के बाद बस में सवार अन्य यात्रियों में हड़कंप मच गया। स्थिति को देखते हुए बस स्टाफ ने वाहन को चाबी स्थित उपका तिराहे के पास रोककर मृतक के परिजनों को सूचना दी।
जानकारी अनुसार बुधवार दोपहर जय मां खैरावाली यात्री बस डिंडोरी-मंडला मार्ग से गुजर रही थी। इसी दौरान ग्राम राई से एक ग्रामीण चाबी बाजार जाने के लिए बस में सवार हुआ। सफर के दौरान रास्ते में अचानक उसकी तबीयत बिगडऩे लगी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ग्रामीण की सांस तेजी से फूलने लगी और देखते ही देखते उसकी हालत बेहद गंभीर हो गई। जब तक कोई कुछ समझ पाता, कुछ ही देर में उसने बस के अंदर ही दम तोड़ दिया।
यात्रियों को दूसरे वाहन से भेजा गया
एक सहयात्री की अचानक हुई इस मौत से बस में सवार अन्य लोगों में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। घटना की गंभीरता को समझते हुए बस चालक और परिचालक ने तत्परता दिखाई और बस को तत्काल ग्राम चाबी स्थित उपका तिराहे के पास सुरक्षित रोक दिया। इसके बाद बस स्टाफ ने अन्य यात्रियों को परेशानी से बचाने के लिए उन्हें दूसरी बस में बैठाकर उनके गंतव्य की ओर रवाना किया। वहीं मृतक यात्री के संबंध में जानकारी जुटाकर उसके परिजनों से संपर्क किया गया और उन्हें इस दुखद घटना की सूचना दी गई।









