ABVP मंडला ने CRPF जवानों के साथ मनाया रक्षाबंधन
कलाइयों पर सजाया देशप्रेम का रक्षासूत्र
- घर से दूर तैनात सुरक्षाबलों का बढ़ाया मनोबल
- ABVP छात्राओं ने CRPF जवानों को बांधी राखी
मंडला महावीर न्यूज 29. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) मंडला इकाई ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) मुख्यालय में जवानों के साथ पूरे हर्षोल्लास और आत्मीय माहौल में रक्षाबंधन का पर्व मनाया। घर-परिवार से दूर देश की सुरक्षा में दिन-रात तैनात वीर जवानों के प्रति सम्मान व कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए परिषद के कार्यकर्ता कैंप पहुंचे और यह अनूठी पहल की।
कलाइयों पर सजा रक्षासूत्र और की मंगलकामना
कार्यक्रम के दौरान ABVP की छात्राओं और कार्यकर्ताओं ने CRPF जवानों का तिलक कर आरती उतारी और उनकी कलाई पर देशप्रेम का रक्षासूत्र बांधा। छात्राओं ने जवानों का मुंह मीठा कराते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बहनों के इस स्नेह को देखकर जवानों के चेहरे भी खुशी से खिल उठे और उन्होंने इस आत्मीयता के लिए परिषद का आभार जताया।
आयोजन से बढ़ता है जवानों का मनोबल
इस गरिमामयी अवसर पर CRPF के द्वितीय कमान अधिकारी (सेकंड-इन-कमांड) प्रमोद कुमार यादव, डिप्टी कमांडेंट मनोरंजन कुमार और मनोरमा सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ABVP के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से जवानों का मनोबल ऊंचा होता है और उन्हें त्योहारों पर घर से दूर होने का अहसास नहीं होता।
इनकी रही विशेष भूमिका
कार्यक्रम के अंत में सभी ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा का संकल्प दोहराया। इस आयोजन को सफल बनाने में ABVP की हर्षिता भिरानी, सोमती भावरे, राशि बारमैया, मोनिका भवेदी, काजल नागिया सहित अन्य छात्रा कार्यकर्ताओं की विशेष भूमिका रही। मौके पर CRPF के कई जांबाज जवान और ABVP के पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।










