घुघरी पुलिस की तत्परता
- तीन दिन से लापता 16 वर्षीय नाबालिग सकुशल दस्तयाब, परिजनों को किया सुपुर्द
- थाना प्रभारी के त्वरित एक्शन से सुरक्षित घर लौटी किशोरी, परिजनों ने ली राहत की सांस
मंडला महावीर न्यूज 29. थाना घुघरी क्षेत्र के अंतर्गत पिछले तीन-चार दिनों से लापता एक 16 वर्षीय नाबालिग बालिका को पुलिस ने अपनी सूझबूझ और तत्परता से सकुशल खोज निकाला है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद बालिका को सुरक्षित उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया, जिससे परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई।
जानकारी अनुसार नाबालिग बालिका पिछले तीन-चार दिनों से बिना किसी को बताए घर से अचानक गायब हो गई थी। परेशान परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद अंतत: आज थाना घुघरी पहुंचकर पुलिस को इस घटना की सूचना दी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया।
थाना प्रभारी के निर्देशन में चला तलाशी अभियान
बालिका के लापता होने की शिकायत मिलते ही थाना प्रभारी प्रकाश चंद्र सेन के निर्देशन में पुलिस टीम ने तुरंत तलाश शुरू कर दी। टीम ने बिना समय गंवाए संभावित स्थानों पर सघन तलाशी की। पुलिस के इन अथक और त्वरित प्रयासों का ही नतीजा रहा कि बालिका को जल्द ही सुरक्षित रूप से दस्तयाब कर लिया गया।
परिजनों ने नहीं चाही कोई कानूनी कार्रवाई
पुलिस द्वारा सुरक्षित दस्तयाब किए जाने के बाद बालिका को उसकी मां के हवाले कर दिया गया। अपनी बेटी को सही-सलामत पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली। पुलिस ने बताया कि बालिका के सुरक्षित मिल जाने के बाद परिजनों ने एक आवेदन प्रस्तुत किया है, जिसमें उन्होंने स्पष्ट किया है कि वे इस मामले में आगे कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते हैं। थाना प्रभारी प्रकाश चंद्र सेन और उनकी टीम की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
रिपोर्टर- दुर्गेश प्रजापति घुघरी ✍️









