पीएम श्री स्कूल बिलगांव में शिक्षकों की कमी
कलेक्टर को ज्ञापन सौंप ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
- उन्नयन के बाद भी शिक्षक विहीन है बिलगांव विद्यालय
- पोर्टल की तकनीकी खराबी से अटकी अतिथि शिक्षकों की भर्ती
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले की ग्राम पंचायत बिलगांव स्थित पीएम श्री विद्यालय में शिक्षकों की नियुक्ति न होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इस गंभीर समस्या को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, छात्र-छात्राओं और पालकों ने जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और तत्काल शिक्षक या अतिथि शिक्षक की व्यवस्था कराने की मांग की।
बिलगांव के सरपंच, जनपद सदस्य व अन्य जनप्रतिनिधियों ने बताया कि एक साल पहले समग्र शिक्षा अभियान के तहत इस स्कूल का उन्नयन पीएम श्री हायर सेकेंडरी विद्यालय के रूप में किया गया था। इसके बावजूद वर्तमान में यहाँ शिक्षकों या अतिथि शिक्षकों की पदस्थापना नहीं हो सकी है, जिससे विद्यालय में अध्ययन-अध्यापन का कार्य ठप पड़ा है।
तीन दिन में समाधान नहीं तो होगा उग्र आंदोलन
ग्रामीणों ने प्रशासन के रवैये पर नाराजगी जताते हुए कहा कि 15 दिन पूर्व जनसुनवाई में भी इस समस्या से अवगत कराया गया था, लेकिन कोई हल नहीं निकला। आक्रोशित ग्राम पंचायत और ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि छात्रहित को ध्यान में रखते हुए तीन दिन के भीतर शिक्षकों की व्यवस्था नहीं की गई, तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
पोर्टल की खामी बनी अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति में बाधा
बताया गया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए शासकीय विद्यालयों में रिक्त पदों पर अतिथि शिक्षकों की व्यवस्था शिक्षा विभाग द्वारा ऑनलाइन प्रक्रिया से की जानी है। लेकिन विभागीय पोर्टल में आ रही लगातार तकनीकी समस्याओं के कारण अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया अटकी हुई है, जिसका सीधा खामियाजा ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों को भुगतना पड़ रहा है।









