डकैती कांड-साजिशकर्ता 5वां आरोपी गिरफ्तार

मनेरी पेट्रोल पंप डकैती कांड

मंडला पुलिस को एक और बड़ी सफलता

  • मुख्य साजिशकर्ता 5वां आरोपी गिरफ्तार
  • मनेरी डकैती का अपडेट
  • पुलिस की गिरफ्त में आया 5वां नकाबपोश बदमाश
  • दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश तेज

मंडला महावीर न्यूज 29.  थाना बीजाडांडी की मनेरी चौकी के अंतर्गत अतुलित फिलिंग सेंटर पर हुई सनसनीखेज डकैती के मामले में मंडला पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने वारदात की योजना में प्रमुख भूमिका निभाने वाले पांचवें आरोपी को बरेला क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी के निर्देशन में अब डकैती की शेष राशि की बरामदगी और फरार दो अन्य आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

9 अगस्त 2026 की दरमियानी रात लगभग 02:37 बजे, सात नकाबपोश बदमाशों ने हथियारों की नोक पर कर्मचारियों को डरा-धमका कर अतुलित फिलिंग सेंटर से ₹93,875 की नगदी लूट ली थी। इस गंभीर वारदात पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 195/2026 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 310(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

अब तक की पुलिस कार्रवाई और जब्ती

  • पूर्व की गिरफ्तारियां: पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामले में पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।
  • जब्ती: इन आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई रकम में से ₹50,500 नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी (क्रमांक MP-20-ZX-1968) जब्त की जा चुकी है।

मैदानी सुरागों से 5वें आरोपी तक पहुंची पुलिस

गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी और मैदानी सुरागों के आधार पर पुलिस लगातार फरार आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी कड़ी में पुलिस टीम ने बरेला क्षेत्र के शारदा मंदिर के पास योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर डकैती के मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक 5वें वांछित आरोपी को हिरासत में ले लिया। फिलहाल उससे डकैती की शेष रकम, वारदात में प्रयुक्त हथियारों और अन्य फरार साथियों के बारे में गहन पूछताछ की जा रही है।

दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी

इस डकैती में शामिल दो अन्य बदमाश अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। उनकी जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम

इस पूरे ऑपरेशन और आरोपियों की धरपकड़ में एसडीओपी (निवास) श्री पी.एस. वालरे के मार्गदर्शन में निम्नलिखित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही:

  • निरीक्षक अनीता कुड़ापे (थाना प्रभारी, बीजाडांडी)
  • निरीक्षक शशांक शुक्ला (चौकी प्रभारी, मनेरी)
  • आरक्षक आनंद कोरी
  • आरक्षक मुकेश

 

Leave a Comment