जर्जर भवन में भविष्य गढ़ रहे 31 मासूम
मुकदमद टोला की प्राथमिक शाला में कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
- बिना कॉलम बने भवन में जान जोखिम में डालकर पढ़ रहे बच्चे
- सरपंच ने किया जर्जर स्कूल का निरीक्षण
मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड घुघरी की ग्राम पंचायत कुसमी के अंतर्गत उन्नयन प्राथमिक शाला, मुकदमद टोला कुसमी का शाला भवन अपनी पूरी उम्र पार कर चुका है और वर्तमान में अत्यंत जर्जर अवस्था में है। हालात इतने खराब हैं कि बिना कॉलम का भवन कभी भी धराशायी हो सकता है, लेकिन फिर भी यहाँ 31 मासूम बच्चे अपनी जान जोखिम में डालकर पढऩे को मजबूर हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि इस शाला भवन का निर्माण बिना कॉलम पिलर के किया गया था। इस तकनीकी खामी के कारण अब भवन की दीवारें और छत जर्जर हो चुकी हैं और यह हादसों को न्योता दे रहा है। बच्चों की सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच ग्राम पंचायत सरपंच भोला मरावी, पंचायत सचिव और पंचों की टीम ने मौके पर पहुंचकर शाला भवन का निरीक्षण किया और स्थिति को बेहद गंभीर बताया।
अभिभावकों ने की सुरक्षित भवन की मांग
स्कूल में 31 छात्र-छात्राओं की उपस्थिति को देखते हुए ग्रामीणों और अभिभावकों में भय का माहौल है। उन्होंने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि किसी बड़ी अप्रिय घटना या हादसे का इंतजार किए बिना, तुरंत शाला भवन का निरीक्षण कर बच्चों के लिए एक सुरक्षित स्थान की व्यवस्था की जाए।
रिपोर्टर- दुर्गेश प्रजापति घुघरी ✍️









