कलेक्टर ने की तरु फाउंडेशन के पौधारोपण अभियान की सराहना
- एक गांव को मॉडल बनाकर करें हरियाली का विस्तार
- कैबिनेट मंत्री व अधिकारियों ने किया पौधारोपण, पौधों के संरक्षण पर दिया जोर
मंडला महावीर न्यूज 29. मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत नारायणगंज में आयोजित शिविर के दौरान तरु फाउंडेशन द्वारा एक विशेष पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उईके ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे, पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी और जिला पंचायत सीईओ ने भी फाउंडेशन के सदस्यों के साथ पौधे लगाए और पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरूक किया।
पौधारोपण के साथ नियमित देखभाल है जरूरी
कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे ने तरु फाउंडेशन के सदस्यों से संवाद करते हुए उनके निस्वार्थ प्रयासों की जमकर सराहना की। उन्होंने सुझाव दिया कि किसी एक गांव को लक्ष्य बनाकर वहां व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया जाए। यदि एक गांव को ग्रीन मॉडल के रूप में विकसित किया जाएगा, तो इसका सकारात्मक प्रभाव आसपास के अन्य गांवों पर भी पड़ेगा। पौधारोपण केवल एक औपचारिकता नहीं होनी चाहिए, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित करना अधिक महत्वपूर्ण है।
पर्यावरण के प्रति फाउंडेशन का निरंतर प्रयास
तरु फाउंडेशन क्षेत्र में लगातार पौधारोपण और जागरूकता कार्यक्रम चला रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य आमजन को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनाना है। कलेक्टर से मिली सराहना के बाद संस्था के सदस्यों में भारी उत्साह देखा गया। इस अवसर पर फाउंडेशन के सदस्य अभिलाष शर्मा, अखिलेश ठाकुर, आलोक साहू, शुभम जैन, मयंक अग्रवाल, अनिल शर्मा, अभिलेष अब्बू साहू, अभिषेक शर्मा, मनीष बर्मन, ब्रजेश सिंगरौर, अजय पंचेश्वर, धर्मेंद्र अग्रवाल, जितेंद्र श्रीवास और सोमनाथ चक्रवर्ती सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने फाउंडेशन के सदस्यों को उनके सराहनीय कार्य के लिए शुभकामनाएं दीं।









