पति की हत्या की आशंका, थाने के काटे चक्कर, नहीं लिखी रिपोर्ट
- निवास पुलिस पर मिलीभगत का आरोप, एसपी से लगाई न्याय की गुहार
- 17 दिन से लापता है पति, बेबस परिवार पहुंचे एसपी के पास
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के निवास थाना अंतर्गत ग्राम सतपहरी महुआटोला की निवासी सुन्नी बाई ने अपने पति की हत्या की आशंका जताते हुए मंडला पुलिस अधीक्षक को शिकायत दर्ज कराई है। एसपी को सौंपे गए पत्र में पीडि़ता ने बताया कि विगत 5 अगस्त को गांव के ही रंजीत मरावी, शिवकुमार मरावी और सोमवती मरावी उसके पति रामलाल विश्वकर्मा 55 वर्ष को अपने साथ ले गए थे, जिसके बाद से वे घर नहीं लौटे।
पीडि़त परिवारजनों ने बताया कि जब वे रामलाल के विषय में पूछताछ करने पहुंचे तो आरोपियों ने पीडि़ता और उसके परिवार के साथ गाली-गलौज करते हुए पुलिस में जाने पर जान से मारने की धमकी दी। पीडि़त सुन्नी बाई का आरोप है कि वे विगत 9, 10 और 12 अगस्त को निवास थाने जाने के बावजूद पुलिस ने उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की और उन्हें वहां से भगा दिया। परिजनों को आशंका है कि ये तीनों ने मिलकर शायद उनके पति की हत्या कर दी है।
पीडि़त परिजनों ने बताया कि जब वे थाने में शिकायत करने की बात की उसके बाद से ही संदेही आरोपी फिलहाल अपने घर से फरार हैं, जिससे हत्या का शक और गहरा गया है। पीडि़ता ने निवास पुलिस पर आरोपियों से मिलीभगत का गंभीर आरोप लगाते हुए एसपी से मामले की उच्च स्तरीय जांच और न्याय की मांग की है। पीडि़त परिवार को आशंका है कि उक्त लोगों ने उनके परिवार के मुखिया की हत्या कर दी है। लगातार थाने से निराशा मिलने के बाद परिजनों ने एसपी मंडला के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज कराई है, जहां उन्हें मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया गया है।









