मवई नगर से मुडिय़ापाठ तक निकली भव्य कावड़ यात्रा
हर-हर महादेव के जयकारों से शिवमय हुआ पूरा क्षेत्र
- झमाझम बारिश में भी नहीं डिगी शिवभक्तों की आस्था
- मनमोहन शास्त्री के सानिध्य में हजारों भक्तों ने 4 किलोमीटर की पदयात्रा कर किया जलाभिषेक
मंडला महावीर न्यूज 29. सावन माह के पावन अवसर पर मवई नगर में शिवभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। नगर के शिव मंदिर हायर सेकेंडरी स्कूल से लेकर मुडिय़ापाठ बाबा तक एक भव्य कावड़ यात्रा का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में हजारों की संख्या में शिवभक्त शामिल हुए, जिससे पूरा मवई नगर और आसपास का क्षेत्र भगवान शिव के जयकारों से गूंज उठा।
बारिश में भी नहीं कम हुआ उत्साह
मनमोहन शास्त्री के सानिध्य में निकाली गई यह कावड़ यात्रा लगभग 4 किलोमीटर लंबी थी। खास बात यह रही कि झमाझम बारिश के बीच भी भक्तों का उत्साह और जोश जरा भी कम नहीं हुआ। गिरते पानी में भी शिवभक्त पैदल यात्रा करते हुए हर-हर महादेव का उद्घोष करते रहे। कावडिय़ों की इस आस्था और भक्ति को देखकर नगरवासी भी भावविभोर हो गए। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह स्थानीय लोगों ने शिवभक्तों का पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया।
नर्मदेश्वर शिवलिंग पर किया जलाभिषेक
4 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी करने के बाद सभी शिवभक्त मुडिय़ापाठ पहुंचे। यहां पहुंचकर भक्तों ने पूरी आस्था और विधि-विधान के साथ नर्मदेश्वर शिवलिंग पर जलाभिषेक कर विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान भगवान भोलेनाथ से समूचे क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की गई। जलाभिषेक और महाआरती के साथ ही इस भव्य कावड़ यात्रा एवं धार्मिक कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।










